Importance of Computer Essay In Hindi | कंप्यूटर का महत्व पर निबन्ध

Importance of Computer Essay In Hindi  कंप्यूटर का महत्व पर निबन्ध

कंप्यूटर का महत्व संकेत बिंदु:

  • विज्ञान का अनुपम आविष्कार
  • कंप्यूटर का प्रयोग
  • आई.टी. क्षेत्र और भारत

साथ ही, कक्षा 1 से 10 तक के छात्र उदाहरणों के साथ इस पृष्ठ से विभिन्न हिंदी निबंध विषय पा सकते हैं।

कंप्यूटर का महत्व पर निबन्ध | Importance of Computer Essay In Hindi

विज्ञान के आविष्कारों से मानव जीवन निरंतर सुखमय होता जा रहा है। कंप्यूटर के आविष्कार ने मानव की जीवन-शैली ही परिवर्तित कर दी है। इसने ज्ञान और सूचना के क्षेत्रों में क्रांति ला दी है। इक्कीसवीं शताब्दी के आरंभ से विश्व ने कंप्यूटर युग में प्रवेश कर लिया था। बीसवीं शताब्दी ने इस युग को कंप्यूटर का सुंदरतम उपहार भेंट किया है।

कंप्यूटर बैंकों, कार्यालयों, व्यापारिक संस्थानों, दुकानों, शिक्षा संस्थानों, समाचार-पत्रों, टी.वी. चैनलों, वैज्ञानिक शोध संस्थानों, पुस्तकालयों आदि के लिए अनिवार्यता बन गया है। जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं रहा है।

कंप्यूटर के द्वारा संचार माध्यमों में क्रांति आ गई है। समाचार-पत्रों का प्रकाशन कंप्यूटरों द्वारा होने लगा है। टेलीविज़न के कार्यक्रमों में तो कंप्यूटर ने क्रांति ला दी है। इनसे अनेक चैनल विभिन्न कार्यक्रमों को श्रेष्ठ रूप से प्रसारित करने लगे हैं। कंप्यूटर द्वारा अनेक धारावाहिकों में ऐसे-ऐसे दृश्य देने संभव हो गए हैं, जिन्हें व्यावहारिक रूप से करना संभव नहीं था। धार्मिक धारावाहिकों में तो कंप्यूटर ने क्रांति ही ला दी है। स्वर्ग लोक का दृश्य, देवताओं का आकाश में विचरण, यमलोक, देवी-देवताओं की जीवन-शैली आदि से ऐसे-ऐसे चमत्कारी दृश्य कंप्यूटर की देन हैं। फिल्म निर्माण में भी कंप्यूटर इसी प्रकार की महत्वपूर्ण भूमिका निभाने लगा है।

पुस्तक प्रकाशन के क्षेत्र में तो कंप्यूटरों ने पूर्णतया परिवर्तन ला दिया है। अब पुस्तकों का शब्द-संयोजन कंप्यूटर पर ही होने लगा है। कंप्यूटर पर ही चित्र बना लिए जाते हैं। अलग से बने चित्रों को भी कंप्यूटर के द्वारा यथास्थान मुद्रित कर लिया जाता है। इसी व्याकरण संधान का परिणाम है कि आज इतनी सुंदर पुस्तकें प्रकाशित होने लगी हैं। कंप्यूटर के द्वारा एक दिन में एक पुस्तक की हज़ारों प्रतियाँ प्रकाशित करना संभव हो गया है।

वैज्ञानिक खोजों में तो कंप्यूटर ने चमत्कार ही कर दिया है। कंप्यूटर पर विभिन्न आँकड़ों को एकत्र कर लिया जाता है। विभिन्न सूचनाओं और आँकड़ों आदि को कंप्यूटर में डालकर निष्कर्ष आदि निकाल लिए जाते हैं। परमाणु विस्फोटों को कंप्यूटर पर ही करके उसके परिणाम ज्ञात किए जा सकते हैं। भारत ने सुपर कंप्यूटर का निर्माण कर लिया है। इसके द्वारा असीमित गणनाएँ की जा सकती हैं। इस कंप्यूटर द्वारा भौगोलिक सूचनाएँ एकत्र की जाती हैं। चिकित्सा के क्षेत्र में नई-नई जानकारियाँ प्राप्त की जा सकती हैं। मौसम का पता लगाया जा सकता है।

कंप्यूटर सुरक्षा सेनाओं के लिए भी अत्यंत उपयोगी है। कंप्यूटर पर युद्ध की स्थिति की नवीनतम जानकारियाँ एकत्र कर ली जाती हैं। इस पर युद्ध की रणनीति तैयार हो सकती है। मोर्चों पर शत्रुओं की स्थिति का पता लगाकर उनके ठिकानों को ध्वस्त किया जा सकता है। जल, थल और वायुसेना में कंप्यूटर की भूमिका शनैः-शनैः महत्वपूर्ण होती जा रही है।

कंप्यूटर पर एकत्रित जानकारियों को शत्रु देश ज्ञात कर सकते हैं। इससे नए प्रकार का खतरा उत्पन्न हो गया है। वे कंप्यूटर में जमा की गई सूचनाओं और जानकारियों को नष्ट भी कर सकते हैं। ऐसा अमेरिका तक में घटित हो चुका है। कंप्यूटर में जमा जानकारियों को नष्ट करने की इस क्षमता के किसी भी राष्ट्र की सुरक्षा के लिए भयंकर खतरे उत्पन्न हो गए हैं। इससे किसी भी राष्ट्र की सुरक्षा और वित्तीय स्थिति को जानकर उसमें परिवर्तन करके इस राष्ट्र को मनचाही हानि पहुँचाई जा सकती है।

लैपटॉप, मोबाइल और आई पैड आदि कंप्यूटर के ही रूप हैं।

कंप्यूटर की चिकित्सा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका है। कंप्यूटर रोगों का पता लगाकर उनका इलाज करने के लिए दवाएँ बता देता है। एक देश के डॉक्टर किसी भी रोगी के इलाज के लिए कंप्यूटर के माध्यम से अन्य देशों के डाक्टरों से संपर्क कर सकते हैं। डॉक्टर कंप्यूटर पर जाँच-रिपोर्ट, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड आदि देखकर सैंकड़ों-हज़ारों किलोमीटर दूर बैठे रोगी का इलाज कर सकते हैं। डॉक्टर अपने रोगियों के विषय में जानकारियाँ कंप्यूटर में सुरक्षित रख सकते हैं। ‘चिकित्सा प्रतिलेख’ (मेडिकल ट्रांसकरिप्शन) के क्षेत्र में भारत के कंप्यूटर-विशेषज्ञ विदेशी डॉक्टरों को सुविधा दे रहे हैं।

यातायात के क्षेत्र में कंप्यूटरों का महत्वपूर्ण योगदान है। रेलगाड़ियों और वायुयानों में टिकटों का आरक्षण पूर्णयता कंप्यूटर पर आश्रित होता है। कंप्यूटर द्वारा सीटों की उपलब्धता की जानकारी मिल जाती है। रेलगाड़ियों और वायुयानों के आवागमन की सूचनाएँ कंप्यूटर द्वारा प्राप्त कर ली जाती हैं। कंप्यूटर वाहनों को चलाने पर भी नियंत्रण रखता है।

व्यापार के क्षेत्र में कंप्यूटर का योगदान सर्वाधिक हो रहा है। स्टाक-एक्सचेंज पूर्णयता कंप्यूटर पर आश्रित हैं। व्यापारी एवं उद्योगपति अपने समस्त कार्य कंप्यूटरों की सहायता से करते हैं। वस्तुओं का उत्पादन, विक्रय, कर्मचारियों का वेतन आदि समस्त कार्य कंप्यूटर द्वारा होने लगे हैं। कंप्यूटर अब डाकघरों के कार्य भी करने लगा है। ‘ई-मेल’ की सुविधा द्वारा देश-विदेश से पत्र घर बैठे कंप्यूटर पर प्राप्त किए जा सकते हैं। इसी प्रकार पत्र भेजे भी जा सकते हैं। इंटरनेट द्वारा तो कंप्यूटर ने विश्व के कोने-कोने में रहने वालों को एक-दूसरे से जोड़ दिया है। इसके माध्यम से सूचना के क्षेत्र में क्रांति आ गई है।

भारत ने कंप्यूटर के क्षेत्र में इतनी अधिक प्रगति कर ली है कि प्रत्येक नगर में ‘साइबर कैफ़े’ खुल गए हैं। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के बंगलुरु और हैदराबाद नगर कंप्यूटर नगरों में विकसित हो गए हैं। भूतपूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने अपनी भारत-यात्रा के मध्य विशेष रूप से हैदराबाद की यात्रा की थी। वे कंप्यूटर के क्षेत्र में भारत की प्रगति से इतने प्रभावित हुए थे कि अमेरिकी सरकार ने भारतीय कंप्यूटर विशेषज्ञों के लिए अमेरिकी द्वार खोल दिए हैं। रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने बंगलुरु की यात्रा करके भारत के सूचना-प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में समझौता किया था।

आधुनिक युग कंप्यूटर का युग है। इस क्षेत्र में प्रगति करने वाले राष्ट्र ही विकास कर सकेंगे। भारत ने इस क्षेत्र में प्रशंसनीय कार्य किया है। इससे लाखों भारतीय युवाओं को देश-विदेश में नौकरी के अवसर उपलब्ध हो गए हैं। कंप्यूटर टेलीविज़न के समान घर-घर पहुँच रहा है। इसका प्रयोग मानव के जीवन को सुखमय बनाने में हो रहा है। शनैः-शनैः यह मनुष्य के अधिकांश कार्य करने लगेगा।