Raidas Ke Pad Class 9 Explanation Vyakhya Summary Bhavarth Ganga Chapter 8

For quick revisions, Class 9 Hindi Notes and Class 9 Hindi Ganga Chapter 8 रैदास के पद की व्याख्या Explanation Summary Bhavarth are highly effective study resources.

Raidas Ke Pad Class 9 Summary

रैदास के पद की व्याख्या Class 9 – Class 9 Raidas Ke Pad Explanation

Raidas Ke Pad Class 9 Bhavarth

पद 1
अब कैसे छूटै राम रट लागी।
प्रभु जी तुम चंदन हम पानी, जाकी अंग अंग बास समानी।
प्रभु जी तुम घन बन, हम मोरा, जैसे चितवत चंद चकोरा।
प्रभु जी तुम दीपक, हम बाती, जाकी जोति बरै दिन राती।
प्रभु जी तुम मोती, हम धागा, जैसे सोने मिलत सुहागा।
प्रभु जी तुम स्वामी, हम दासा, ऐसी भगति करै रैदासा।

शब्दार्थ:
रट लागी – ज़बान पर चढ़ना, आदत लगनाः चितवत – तल्लीन होकर देखना: चकोरा – एक पक्षी: बरै – जलती है; सोने – सोना: सुहागा – सोने को शुद्ध करने के लिए प्रयोग में लाया जाने वाला क्षार द्रव्य।

संदर्भ:
प्रस्तुत पद हमारी पाठ्यपुस्तक ‘गंगा’ में संकलित ‘पद’ से लिया गया है। इसके कवि संत रैदास (रविदास) हैं।

प्रसंग:
प्रस्तुत पदों में संत रैदास ने विभिन्न उपमाओं के माध्यम से प्रभु और भक्त के गहरे, अभिन्न व अखंड संबंध को व्यक्त किया है तथा स्वयं को दास मानकर प्रभु के प्रति पूर्ण समर्पण की भावना प्रकट की है।

भावार्थ:
रैदास कहते हैं कि हे प्रभु! मेरे मन में जो आपके नाम की रट (आदत) लग गई है वह कैसे छूट सकती है? अब तो मैं तुम्हारा परम भक्त हो गया हूँ, तुम्हारा अनन्य प्रेमी हो गया हूँ। जिस प्रकार चंदन के संपर्क में रहने से पानी में उसकी सुगंध फैल जाती है, ठीक उसी प्रकार मेरे तन-मन में भी तुम्हारे प्रेम की सुगंध व्याप्त हो गई है।

कवि का कहना है कि प्रभु, तुम बादल हो, तो मैं मोर (मयूर) हूँ, तुम चंद्रमा हो, तो मैं चकोर (पक्षी) हूँ अर्थात् जिस प्रकार आसमान में काले घने बादलों को देखते ही मोर खुशी से नाचने लगता है, ठीक वैसी ही स्थिति आपके (ईश्वर) दर्शन से मेरी (कवि) भी हो जाती है। जिस प्रकार चकोर चंद्रमा का प्रेम प्राप्त करने के लिए उसकी ओर तल्लीन एवं व्यग्र होकर देखता रहता है, उसी प्रकार मैं (कवि) भी आपका (ईश्वर) प्रेम पाने के लिए हमेशा तरसता रहता हूँ। भक्त कवि रैदास कहते हैं कि हे प्रभु! तुम दीपक हो, तो मैं उस दीपक की बाती हूँ, जो तुम्हारे प्रेम में सदा जलता रहा है। मैं तुम्हारे प्रेम को पाने के लिए सदा तड़पता रहता हूँ।

प्रभु, तुम अगर मोती हो, तो मैं उन्हें पिरोने में काम आने वाला धागा हूँ। यदि तुम मोती के समान उज्ज्वल एवं कांतिमान हो, तो मेरा तन-मन भी उस मोती को पिरोने वाले धागे के समान सदा तुम्हारे साथ जुड़ा हुआ है। मोती एवं धागे का मिलन ठीक सोना एवं सुहागा के मिलन जैसा पवित्र है। जिस प्रकार सुहागे के संपर्क में आकर सोने का महत्त्व और बढ़ जाता है, उसी प्रकार तुम्हारे संपर्क में आकर मेरा भी महत्त्व बढ़ गया है।

हे प्रभु! वास्तव में तुम (ईश्वर) स्वामी हो, मालिक हो और मैं (कवि) तुम्हारा दास हूँ, मैंने हमेशा से स्वयं को तुम्हारा दास या सेवक ही समझा है और तुम्हारी प्रत्येक आज्ञा का पालन करना अपना धर्म माना है। मैं आपकी भक्ति मात्र एक दास रूप में करता हूँ, जहाँ आप प्रभु और मैं (रैदास) दास हूँ।

काव्य सौंदर्य
(i) यह छंद पद है।
(ii) इस पद में ब्रजभाषा का प्रयोग हुआ है।
(iii) इसमें अनुप्रास एवं उपमा अलंकार हैं।
(iv) इस पद में भक्ति के दास्य रूप का प्रयोग हुआ है।
(v) पद में भावपूर्ण एवं सरल ब्रजभाषा में भक्ति की तीव्रता का सुंदर वर्णन है।

Raidas Ke Pad Class 9 Explanation Vyakhya Summary Bhavarth Ganga Chapter 8

पद 2
जो तुम तोरौ राम मैं नहिं तोरौ, तुम सौ तोरि कवन सौं जोरौ।
तीरथ बरत न करूँ अंदेसा, तुम्हरे चरन कमल एक भरोसा।
जहँ जहँ जाओ तुम्हरी पूजा, तुम सा देव ओर नहिं दूजा।
मैं अपनो मन हरि से जोरी, हरि सो जोरि सबन सो तोरों।
सबही पहर तुम्हारी आसा, मन क्रम वचन कहै रैदासा।

शब्दार्थ:
तोरौ – छोड़ दूँ: कवन – किससे; जोरौ – जोहूँ / संबंध करूँ; तीरथ – तीर्थ: बरत – व्रत; अंदेसा – चिंता / आशंका; चरन कमल – भगवान के चरण: भरोसा – विश्वास; जहँ जहँ – जहाँ-जहाँ; देव – ईश्वर; दूजा – दूसरा; अपनो – अपना; मन – हृदयः हरि – भगवान; सबन – सबसे; पहर – समय / क्षण; आसा – आशा; मन क्रम वचन – मन, कर्म और वाणी।

संदर्भ पूर्ववत्:
प्रसंग प्रस्तुत पद में संत रैदास ने ईश्वर के प्रति अपने अनन्य प्रेम और दृढ़ विश्वास को प्रकट किया है। वे स्पष्ट करते हैं कि ईश्वर से उनका नाता अटूट है और वे बाह्य आडंबरों (तीर्थ-व्रत) के स्थान पर केवल ईश्वर के चरणों में ही अपनी मुक्ति देखते हैं।

भावार्थ:
प्रस्तुत पद में संत रैदास अपने आराध्य राम को संबोधित करते हुए कहते हैं कि हे राम! यदि आप मुझसे अपना नाता तोड़ भी लें, तब भी मैं आपसे अपना संबंध नहीं तोडूंगा। यदि मैंने आपसे नाता तोड़ लिया, तो फिर मैं दुनिया में और किससे नाता जोडूंगा? अर्थात् मेरे लिए आपके अलावा कोई दूसरा आश्रय नहीं है।

रैदास आगे कहते हैं कि मुझे विभिन्न तीर्थों की यात्रा करने या कठिन व्रत रखने में कोई विश्वास नहीं है और न ही मुझे इनकी आवश्यकता का कोई संशय है। मुझे तो केवल आपके ‘चरण-कमलों पर ही पूर्ण भरोसा है। मेरी भक्ति किसी विशेष स्थान की मोहताज नहीं है; मैं जहाँ भी जाता हूँ, मुझे वहाँ आपकी ही सत्ता और पूजा का अनुभव होता है। इस पूरे संसार में आपके समान दूसरा कोई देव नहीं है, जो भक्त का उद्धार कर सके।

कवि कहते हैं कि मैंने अपना मन पूरी तरह से ‘हरि’ (ईश्वर) से जोड़ लिया है। ईश्वर से यह सच्चा संबंध जोड़ते ही मैंने संसार के समस्त मिथ्या और मोह माया वाले संबंधों को त्याग दिया है। अब मेरा संसार से कोई जुड़ाव नहीं रह गया है। रैदास अंत में कहते हैं कि मैं मन, कर्म और वचन से केवल आपका ही स्मरण करता हूँ। दिन-रात के आठों पहर मुझे केवल आपकी ही आशा और प्रतीक्षा रहती है। मेरा संपूर्ण अस्तित्व अब केवल आपकी भक्ति और शरण में समर्पित है।

काव्य सौंदर्य
(i) यह छंद ‘पद’ है, जिसे गाया जा सकता है।
(ii) पद में ब्रजभाषा का सरल और प्रभावशाली प्रयोग हुआ है।
(iii) ‘चरण कमल’ में रूपक अलंकार तथा ‘जहँ जाँ’ में पुनरुक्तिप्रकाश अलंकार का सुंदर प्रयोग हुआ है।
(iv) यहाँ भक्ति की पराकाष्ठा है, जहाँ भक्त सांसारिक मोह त्यागकर केवल ईश्वर का होकर रह जाता है।
(v) पद में ‘तोरी-जोरी’ जैसे शब्दों के प्रयोग से तुकांत और लयात्मकता स्पष्ट दिखाई देती है।

Raidas Ke Pad Class 9 Explanation Vyakhya Summary Bhavarth Ganga Chapter 8

Raidas Ke Pad Class 9 Ganga Summary

रैदास के पद परिचय

Raidas Ke Pad Class 9 Explanation Vyakhya Summary Bhavarth Ganga Chapter 8 1
यह पाठ प्रमुख संत कवि रैदास द्वारा रचित है। इनका जन्म काशी में लगभग 15वीं शताब्दी के समय माना जाता है। इस पाठ में रैदास द्वारा रचित दो पद दिए गए हैं। पहले पद में उन्होंने चंदन-पानी, दीपक बाती, मोती धागा और बादल- मोर जैसी उपमाओं के माध्यम से भक्त और भगवान के अटूट संबंध को स्पष्ट किया है। दूसरे पद में कवि ने प्रभु के प्रति अपनी गहरी निष्ठा और विश्वास व्यक्त करते हैं तथा बताते हैं कि वे बाह्य आडंबरों से अधिक ईश्वर चरणों की सच्ची भक्ति को महत्त्व देते हैं।

रैदास के पद पाठ का उद्देश्य

इस पाठ का उद्देश्य विद्यार्थियों को संत रैदास की दास्य भाव से युक्त भक्ति, ईश्वर के प्रति अटूट प्रेम और समर्पण की भावना से परिचित कराना है। साथ ही सच्ची भक्ति, समानता, विनम्रता और आध्यात्मिक मूल्यों के महत्त्व
को समझाते हुए उनकी साहित्यिक अभिरुचि एवं काव्य-बोध का विकास करना है।

रैदास के पद पाठ का संदेश

  • रैदास के पद हमें सिखाते हैं कि सच्ची भक्ति मंदिर, तीर्थ या व्रत में नहीं, बल्कि मन की पवित्रता और हृदय के सच्चे प्रेम में निहित होती है।
  • ईश्वर को पाने के लिए बाहरी आडंबर नहीं, बल्कि आंतरिक निष्ठा और समर्पण आवश्यक है। उनका यह संदेश आज भी प्रासंगिक है कि प्रेम, समानता और सेवा भाव से ही जीवन सार्थक बनता है।