घर की याद Bhavarth Vyakhya Summary Explanation in Hindi Class 9 Ganga Chapter 12

For quick revisions, Class 9 Hindi Notes and Class 9 Hindi Ganga Chapter 12 घर की याद कविता Bhavarth Vyakhya Summary Explanation are highly effective study resources.

घर की याद Class 9 Summary in Hindi

घर की याद कविता की व्याख्या भावार्थ Class 9

घर की याद Bhavarth Vyakhya Explanation 

काव्यांश 1

आज पानी गिर रहा है, बहुत पानी गिर रहा है,
रात भर गिरता रहा है, प्राण मन घिरता रहा है,
अब सबेरा हो गया है, कब सबेरा हो गया है,
ठीक से मैंने न जाना, बहुत सोकर सिर्फ माना
क्योंकि बादल की अँधेरी, है अभी तक भी घनेरी,
अभी तक चुपचाप है सब, रातवाली छाप है सब,
गिर रहा पानी झरा झर, हिल रहे पत्ते हरा-हर,
बह रही है हवा सर-सर, काँपते हैं प्राण थर-थर,

घर की याद Bhavarth Vyakhya Summary Explanation in Hindi Class 9 Ganga Chapter 12 1
शब्दार्थ:
घनेरी – बहुत घनी, अत्यधिक गहरी; रातवाली छाप – रात के अँधेरे और उदासी का प्रभाव; झरा-झर – तेज़ी से झरने की ध्वनि, लगातार गिरना; हरा-हर – हिलने की मधुर ध्वनि; सर-सर – हवा के बहने की सरसराहट की ध्वनि; थर-थर – भय या ठंड से काँपना।

संदर्भ:
प्रस्तुत काव्यांश हमारी पाठ्यपुस्तक गंगा में संकलित कविता ‘घर की याद’ से उद्धृत है। इसके रचयिता भवानीप्रसाद मिश्र हैं।

प्रसंग:
प्रस्तुत काव्यांश में कवि जेल में बंद हैं। सावन की पूरी रात होने वाली वर्षा तथा चारों ओर घिरे बादलों के वातावरण ने उनके मन में घर और परिवार की गहरी याद जगा दी है, जिससे उनका मन अत्यंत व्याकुल और पीड़ित हो उठा है।

व्याख्या:
कवि कहते हैं कि आज बहुत तेज वर्षा हो रही है और यह वर्षा पूरी रात होती रही है। उसी के साथ घर की याद और एकाकीपन की पीड़ा ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया है। जब सुबह हुई तो उन्हें ठीक से पता भी नहीं चला कि सुबह कब हो गई। उन्हें सुबह होने का एहसास केवल अपनी नींद पूरी होने के बाद हुआ। आसमान में अभी भी घने काले बादल छाए हुए थे और चारों ओर रात जैसे अँधेरे का प्रभाव बना हुआ था। आगे कवि प्रकृति के जीवंत चित्र प्रस्तुत करते हुए कहते हैं कि पानी लगातार बह रहा है, पत्ते मधुर ध्वनि करते हुए हिल रहे हैं और हवा सरसराहट की ध्वनि के साथ बह रही है। ये सभी दृश्य कवि को इतना भावुक कर देते हैं कि उनके प्राण थर-थर काँप उठते हैं। बाहर की ठंड और अंदर की पीड़ा दोनों मिलकर कवि को पूरी तरह भावविह्वल कर देती हैं।

काव्य सौंदर्य

1. प्रस्तुत काव्यांश में कवि ने स्पष्ट व सरल भाषा में अपनी मन की व्यथा का चित्रण किया है।
2. ‘झरा-झर’, ‘हरा-हर’ शब्दों में अनुप्रास तथा ‘सर-सर’, ‘थर-थर’ शब्दों में पुनरुक्तिप्रकाश अलंकार है।
3. ‘बहुत पानी गिर रहा है’ पंक्ति की आवृत्ति भावना की तीव्रता को बढ़ाती है।
4. समतुकांत पंक्तियों का प्रयोग है, जिससे लय और प्रवाह बना रहता है।
5. प्रस्तुत काव्यांश में खड़ीबोली में सहज अभिव्यक्ति हुई है।

घर की याद Bhavarth Vyakhya Summary Explanation in Hindi Class 9 Ganga Chapter 12

काव्यांश 2

बहुत पानी गिर रहा है, घर नजर में तिर रहा है,
घर कि मुझसे दूर है जो, घर खुशी का पूर है जो,
घर कि घर में चार भाई, मायके में बहिन आई,
बहिन आई बाप के घर, हाय रे परिताप के घर!
आज का दिन दिन नहीं है, क्योंकि इसका छिन नहीं है,
एक छिन सौ बरस है रे, हाय कैसा तरस है रे,
घर कि घर में सब जुड़े हैं, सब कि इतने कब जुड़े हैं,
चार भाई चार बहिनें भुजा भाई प्यार बहिनें,

शब्दार्थ:
तिरना – तैरना, आँखों के सामने आना; पूर – भरा हुआ, परिपूर्ण; बहिन – बहन (स्थानीय बोली का शब्द); परिताप – अत्यधिक दुःख, पीड़ा; छिन – क्षण, पल; बरस – वर्ष, साल; तरस – दया, करुणा, तड़प।

सन्दर्भ:
पूर्ववत्।

प्रसंग:
प्रस्तुत काव्यांश में कारावास (जेल) में वर्षा के दौरान कवि को अपने घर की याद आती है। वे जेल में अकेले हैं और अपने परिवार, भाई-बहनों और घर की खुशियों को याद कर भावुक हो जाते हैं।

व्याख्या:
कवि कहते हैं कि बहुत तेज वर्षा हो रही है और उस वर्षा को देखते ही उनकी आँखों के सामने उनका घर तैरने लगता है। वह घर उनसे बहुत दूर है, लेकिन वह खुशियों से भरा हुआ घर है, जिसकी याद उन्हें बार-बार सता रही है। उस घर में चार भाई हैं और बहन मायके आई हुई है। यह सोचकर कवि का मन और भी व्याकुल हो उठता है कि सभी परिजन एकसाथ घर पर हैं और बहन उसे न पाकर दु:खी हुई होगी और परिवार की वर्तमान स्थिति को देखकर ऐसा लगता है मानो वह (बहन) दुःख (परिताप) के घर आ गई है।

आगे कवि कहते हैं कि आज का यह दिन सामान्य दिन नहीं है, क्योंकि एक भी पल चैन से नहीं बीत रहा है। घर से दूर रहते हुए एक-एक पल उन्हें सौ वर्ष के बराबर भारी और लंबा लग रहा है और मन में परिजनों से मिलने की ऐसी तड़प है, जो असहनीय हो उठी है।

कवि अपने परिवार को याद करते हुए कहते हैं कि उनका घर खुशियों से भरा है, जहाँ सभी सदस्य एक-दूसरे से गहरे प्रेम और आत्मीयता से जुड़े हुए हैं।

काव्य सौंदर्य
1. कवि ने अपनी पीड़ा को परिवार के प्रेम के साथ जोड़कर बहुत भावुक तरीके से प्रस्तुत किया है।
2. ‘हाय रे परिताप के घर’ और ‘हाय कैसा तरस है रे’ में कवि की गहरी वेदना और करुण भाव स्पष्ट रूप से उभरकर आते हैं।
3. काव्यांश की भाषा सरल, सहज एवं प्रवाहमयी है।
4. काव्यांश में हिंदी खडीबोली का प्रयोग हुआ है।
5. ‘घर नजर में तिर रहा है’ में अनुप्रास अलंकार है।

काव्यांश 3

और माँ बिन-पढ़ी मेरी, दुःख में वह गढ़ी मेरी,
माँ कि जिसकी गोद में सिर रख लिया तो दुःख नहीं फिर,
माँ कि जिसकी स्नेह धारा का यहाँ तक भी पसारा,
उसे लिखना नहीं आता, जो कि उसका पत्र पाता।
और पानी गिर रहा है, घर चतुर्दिक् घिर रहा है,
पिताजी भोले बहादुर, वज्र-भुज नवनीत-सा उर,
पिताजी जिनको बुढ़ापा, एक क्षण भी नहीं व्यापा,
जो अभी भी दौड़ जाएँ, जो अभी भी खिलखिलाएँ,

शब्दार्थ:
गढ़ी – ढली हुई, तपकर बनी हुई; स्नेह- धारा – प्रेम और ममता की निरंतर बहती धारा; पसारा – फैलाव, विस्तार; चतुर्दिक् – चारों ओर सब दिशाओं में; वज्र-भुज – वज्र के समान कठोर और शक्तिशाली भुजाएँ; नवनीत – अत्यंत कोमल; उर – हृदय, मन; व्यापा – असर करना, प्रभावित होना।

संदर्भ:
पूर्ववत्।

प्रसंग:
प्रस्तुत काव्यांश में कवि वर्षा के दिन जेल में बैठकर अपनी अनपढ़ ममतामयी माँ और साहसी पिता को याद कर रहे हैं।

व्याख्या:
कवि अपनी माँ को याद करते हुए कहते हैं कि उनकी माँ भले ही अनपढ़ हैं, लेकिन वे दुःखों में तपकर और गढ़कर बनी हैं अर्थात् जीवन के कष्टों ने उन्हें एक धैर्यशील स्त्री के रूप में गढ़ा है। उस माँ की गोद ऐसी है कि उसमें एक बार सिर रख लो, तो सारे दुःख दूर हो जाते हैं। उस माँ के स्नेह की धारा इतनी विशाल है कि उसका फैलाव जेल तक भी म पहुँच रहा है।

कवि कहते हैं कि माँ अनपढ़ हैं, इसलिए वे पत्र नहीं लिख सकतीं और ई यही बात सबसे अधिक व्याकुल करती है कि जो माँ का पत्र पाता तो वह कितना सुखी होता।

कवि कहते हैं कि वर्षा हो रही है और घर की यादें उनके हृदय में गहरा रही हैं और उनकी आँखों के सामने तैर रही हैं। कवि पिताजी को याद करते हुए कहते हैं कि पिताजी स्वभाव से भोले और सरल हैं, लेकिन साहस में बहादुर हैं।

उनकी भुजाएँ वज्र के समान कठोर और शक्तिशाली हैं, परंतु उनका हृदय अत्यंत कोमल और संवेदनशील है। कवि आगे कहते हैं कि पिताजी पर बुढ़ापे का कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। वे आज भी दौड़ सकते हैं और खिलखिलाकर हँस सकते हैं। पिताजी की यह जीवंत और उत्साही छवि कवि के मन में घर के प्रति और अधिक तड़प जगा देती है।

काव्य सौंदर्य
1. प्रस्तुत काव्यांश में कवि ने अपनी ममतामयी माँ और पिताजी के प्रभावशाली व्यक्तित्व का चित्रण किया है।
2. काव्यांश की भाषा बोधगम्य एवं प्रवाहमयी है।
3. ‘वज्र-भुज नवनीत-सा उर’ में उपमा अलंकार है।
4. ‘वज्र-भुज नवनीत-सा उर’ में बाहरी कठोरता और भीतरी कोमलता का सुंदर विरोधाभास है।
5. ‘उर’, ‘व्यापा’ जैसे शब्द कविता को आत्मीयता और सहजता प्रदान करते हैं।

घर की याद Bhavarth Vyakhya Summary Explanation in Hindi Class 9 Ganga Chapter 12

काव्यांश 4

मौत के आगे न हिचकें, शेर के आगे न बिचकें,
बोल में बादल गरजता, काम में झंझा लरजता,
आज गीता पाठ करके, दंड दो सौ साठ करके,
खूब मुगदर हिला लेकर, मूठ उनकी मिला लेकर,
जब कि नीचे आए होंगे, नैन जल से छाए होंगे,
हाय, पानी गिर रहा है, घर नजर में तिर रहा है,
चार भाई चार बहिनें, भुजा भाई प्यार बहिनें,
खेलते या खड़े होंगे नजर उनको पड़े होंगे।

शब्दार्थ:
हिचकें – झिझकना, रुकना; बिचकें – घबराएँ या डरे; झंझा – तूफान, आँधी; लरजता – काँपना, थरथराना; दंड – एक प्रकार का व्यायाम, जिसमें उठक-बैठक की जाती है; मुगदर – लकड़ी का बना व्यायाम का उपकरण, मुँगरी; मूठ – मुट्ठी; नैन जल से छाए – आँखें आँसुओं से भर आना।

संदर्भ:
पूर्ववत्।

प्रसंग:
प्रस्तुत काव्यांश में कवि अपने पिताजी के वीर और साहसी व्यक्तित्व का जीवंत चित्रण करते हुए अपने घर और परिवार को याद करते हुए भाव विह्वल हो जाते हैं।

व्याख्या:
कवि अपने पिताजी के प्रभावशाली व्यक्तित्व का वर्णन करते हुए कहते हैं कि वे मृत्यु के सामने भी नहीं झिझकते और शेर के सामने आने पर भी नहीं डरते अर्थात् वे अत्यंत निडर और साहसी हैं। उनकी वाणी में बादल जैसी गर्जना है और उनके काम में तूफान जैसी शक्ति और ऊर्जा है।

कवि कल्पना करते हैं कि आज पिताजी ने गीता का पाठ किया होगा, दो सौ साठ दंड लगाए होंगे, खूब मुगदर ( गदा) घुमाए होंगे और उनसे मुट्ठी मिलाई होगी अर्थात् आज भी वे उतने ही स्वस्थ और उत्साही हैं, जितने पहले थे। लेकिन जब वे व्यायाम करके नीचे आए होंगे, तो उनकी आँखें आँसुओं से भर आई होंगी, क्योंकि उनका पाँचवाँ बेटा जेल में बंद है और मुझे अपने पास न पाकर वे (पिता) बहुत व्याकुल हुए होंगे।

इस सब बातों की स्मृति कवि को और अधिक व्यथित कर देती है तथा बरसते पानी में उन्हें अपने घर की याद सताने लगती है। कवि अपने भाई-बहनों के प्रेम का स्मरण करते हुए कल्पना करते हैं कि आँगन में उन सभी को साथ देखकर पिताजी भावुक हो गए होंगे, क्योंकि वहाँ सब हैं, परंतु उनका पाँचवाँ पुत्र (कवि) नहीं है।

काव्य सौंदर्य
1. काव्यांश में कवि ने पुत्र वियोग से व्यथित पिता की दयनीय स्थिति का वर्णन किया है।
2. ‘हिचके – बिचकें’, ‘गरजता – लरजता’, ‘करके करके’ में अनुप्रास अलंकार है।
3. ‘भुजा भाई’ में उपमा अलंकार का प्रयोग हुआ है।
4. ‘नैन जल से छाए होंगे’ और ‘हाय, पानी गिर रहा है’ में करुण रस की गहरी अभिव्यक्ति है।
5. काव्यांश की भाषा सरल एवं भावानुकूल है और खड़ीबोली में सहज अभिव्यक्ति हुई है।

काव्यांश 5

पिताजी जिनको बुढ़ापा, एक क्षण भी नहीं व्यापा,
रो पड़े होंगे बराबर, पाँचवें का नाम लेकर,
पाँचवाँ मैं हूँ अभागा, जिसे सोने पर सुहागा,
पिताजी कहते रहे हैं, प्यार में बहते रहे हैं,
आज उनके स्वर्ण बेटे, लगे होंगे उन्हें हेटे,
क्योकि मैं उन पर सुहागा बँधा बैठा हूँ अभागा,
और माँ ने कहा होगा, दुःख कितना बहा होगा
आँख में किसलिए पानी, वहाँ अच्छा है भवानी,
वह तुम्हारा मन समझकर, और अपनापन समझकर,
गया है सो ठीक ही है यह तुम्हारी लीक ही है,
पाँव जो पीछे हटाता, कोख को मेरी लजाता,
इस तरह होओ न कच्चे, रो पड़ेंगे और बच्चे,

घर की याद Bhavarth Vyakhya Summary Explanation in Hindi Class 9 Ganga Chapter 12 2
शब्दार्थ:
अभागा – भाग्यहीन, दुर्भाग्यशाली; सोने पर सुहागा – किसी अच्छी वस्तु में और अधिक गुण का होना; हेटे – हीन, तुच्छ; लीक – परंपरा, मार्ग, राह; कोख – माँ का गर्भ, माँ की ममता का प्रतीक; लजाता – लज्जित करना, शर्मिंदा
करना; कच्चे कमज़ोर।

संदर्भ:
पूर्ववत्।

प्रसंग:
प्रस्तुत काव्यांश में कवि कल्पना करते हैं कि उनके जेल जाने से पिताजी और माँ किस प्रकार दुःखी हुए होंगे और दुःखी होकर माँ पिताजी को अपने हृदय को दृढ़ करने एवं धैर्य धारण करने के लिए समझा रही होंगी।

व्याख्या:
कवि कहते हैं कि पिताजी पर बुढ़ापे का कोई असर नहीं है, लेकिन अपने पाँचवें बेटे का नाम लेते-लेते वे अवश्य रो पड़े होंगे। कवि स्वयं को वह भाग्यहीन पाँचवाँ पुत्र बताते हैं, जिसे पिताजी ‘सोने पर सुहागा’ कहते थे अर्थात् चार बेटों के बाद जन्मे इस पाँचवें बेटे को वे सबसे प्रिय और विशेष मानते थे तथा उसके प्रति प्रेम की गंगा बहाते रहते थे। आज वही प्रिय बेटा जेल में बंद है, इसलिए पिताजी के बाकी स्वर्ण जैसे बेटे भी उन्हें हीन और कम लगने लगे होंगे, क्योंकि पाँचवाँ बेटा, जो उन पर सुहागे की तरह था, अभागे की तरह जेल में बँधा बैठा है। इसके बाद कवि माँ की कल्पना करते हैं कि माँ ने पिताजी को समझाते हुए कहा होगा कि आँखों में आँसू किसलिए हैं, क्योंकि भवानी जहाँ गया है, वहाँ वह ठीक है।

माँ ने पिताजी को धैर्य देते हुए कहा होगा कि भवानी ने यह सब अपने मन की समझ से और देश के प्रति अपनेपन की भावना से किया है, इसलिए उसका जाना सही है और यही उसकी परंपरा और उसका मार्ग है। माँ आगे कहती हैं कि यदि भवानी अपने पैर हटाता अर्थात् स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने से डरता, तो वह मेरी कोख को लज्जित करता। इसलिए इस तरह कमज़ोर मत पड़ो, क्योंकि यदि तुम रोओगे तो घर के बाकी बच्चे भी रो पड़ेंगे।

काव्य सौंदर्य
1. प्रस्तुत काव्यांश में पिता का पुत्र के प्रति तथा पुत्र का पिता के प्रति गहरे प्रेम का परिचय मिलता है।
2. काव्यांश में माँ के दुःख और अपने पुत्र पर उनके गौरवान्वित होने का वर्णन है।
3. ‘बँधा बैठा हूँ’ व ‘मन समझकर’ में अनुप्रास अलंकार और ‘स्वर्ण बेटे’ में रूपक अलंकार है।
4. काव्यांश की भाषा सरल, सहज एवं प्रवाहमयी है।
5. ‘सोने पर सुहागा’ एक प्रचलित मुहावरा है, जिसका प्रयोग कवि के प्रति पिताजी के विशेष प्रेम को व्यक्त करने के लिए अत्यंत सटीक रूप से हुआ है।

घर की याद Bhavarth Vyakhya Summary Explanation in Hindi Class 9 Ganga Chapter 12

काव्यांश 6

अभी पानी थम गया है, मन निहायत नम गया है,
एक-से बादल जमे हैं, गगन भर फैले रमे हैं,
ढेर है उनका, न फाँकें, जो कि किरनें झुकें झाँकें,
लग रहे हैं वे मुझे यों, माँ कि आँगन लीप दे ज्यों,
गगन-आँगन की लुनाई दिशा के मन में समाई
दश-दिशा चुपचाप है रे, स्वस्थ की लय छाप है रे
झाड़ आँखें बंद करके साँस सुस्थिर मंद करके,
हिले बिन चुपके खड़े हैं, क्षितिज पर जैसे जड़े हैं
एक पंछी बोलता है, घाव उर के खोलता है,
आदमी के उर बिचारे, किसलिए इतनी तृषा रे,

शब्दार्थ:
निहायत – बहुत अधिक अत्यंत; नम – भीगा हुआ, भावुक; जमे – एकत्र होना, टिके रहना; रमे – बसे हुए; फाँकें – दरारें, रिक्त स्थान; लीप दे – मिट्टी से लीपना; लुनाई – सुंदरता, सलोनापन; सुस्थिर – स्थिर, शांत; क्षितिज – वह स्थान, जहाँ धरती और आकाश मिले दिखाई देते हैं; तृषा – तीव्र इच्छा, प्यास, लालसा।

संदर्भ:
पूर्ववत्

प्रसंग:
प्रस्तुत काव्यांश में वर्षा रुकने के बाद का वातावरण चित्रित किया गया है। प्रकृति के इस शांत और सुंदर दृश्य में कवि को अपनी माँ की याद आती है और एक पंछी की बोली उनके हृदय की पीड़ा को और गहरा कर देती है।

व्याख्या:
कवि कहते हैं कि अब वर्षा रुक गई है, लेकिन उनका मन अत्यंत भावुक हो गया है। आकाश में एक जैसे बादल घिरे हुए हैं और पूरे आसमान में फैलकर बसे हुए हैं। बादलों का इतना बड़ा ढेर है कि उनमें कहीं से भी दरार नहीं है, जिससे कोई किरण झाँक सके। यह बादलों से भरा आँगन जैसा आकाश कवि को ऐसा लग रहा है, जैसे माँ ने अपने
हाथों से आँगन को लीप-पोतकर साफ और सुंदर कर दिया हो। यहाँ माँ के प्रति कवि का गहरा प्रेम और लगाव स्पष्ट रूप से झलकता है।

आगे कवि कहते हैं कि गगन रूपी आँगन की यह सुंदरता और सलोनापन दसों दिशाओं के मन में समा गए हैं और चारों ओर एक गहरी चुप्पी छाई हुई है, जिसमें एक स्वस्थ और शांत लय की छाप महसूस होती है। पेड़ अपनी आँखें बंद किए हुए और साँसें धीमी करके बिल्कुल स्थिर खड़े हैं मानो क्षितिज पर जड़े हुए हों और उनमें कोई हलचल नहीं है। इस शांत वातावरण के बीच अचानक एक पंछी बोल उठता है और उसकी वह बोली कवि के हृदय को भाव विह्वल कर देती है। कवि सोचने लगते हैं। कि बेचारे मनुष्य के मन में इतनी तड़प और लालसा आखिर क्यों होती है ? घर की याद, परिजनों से मिलने की चाहत और स्वतंत्रता की आकांक्षा सब मिलकर उनके हृदय को व्याकुल किए हुए हैं।

काव्य सौंदर्य
1. काव्यांश में प्रकृति के माध्यम से कवि का अपनी माँ और घर के प्रति गहरा लगाव व्यक्त हुआ है
2. ‘झुके-झाँके’, ‘दश दिशा’, ‘साँस सुस्थिर’ में अनुप्रास अलंकार तथा ‘माँ कि आँगन लीप के ज्यों’ में उत्प्रेक्षा अलंकार है।
3. पंछी की बोली कवि के हृदय की पीड़ा और व्याकुलता का प्रतीक बनकर आई है, जो उनके अंदर दबी भावनाओं को बाहर ले आती है।
4. काव्यांश की भाषा सरल, सुबोध एवं प्रवाहमयी है।

काव्यांश 7

तू जरा-सा दुःख कितना, सह सकेगा क्या कि इतना,
और इस पर बस नहीं है, बस बिना कुछ रस नहीं है,
हवा आई उड़ चला तू, लहर आई मुड़ चला तू,
लगा झटका टूट बैठा, गिरा नीचे फूट बैठा,
तू कि प्रिय से दूर होकर, बह चला रे पूर होकर,
दुःख भर क्या पास तेरे, अश्रु सिंचित हास तेरे!
पिताजी का वेश मुझको, दे रहा है क्लेश मुझको,
देह एक पहाड़ जैसे, मन कि बड़ का झाड़ जैसे,
एक पत्ता टूट जाए, बस कि धारा फूट जाए,
एक हल्की चोट लग ले, दूध की नदी उमग ले,

शब्दार्थ:
बस – नियंत्रण, वश; रस – आनंद, सार, जीवन की मिठास; अश्रु सिंचित हास – आँसुओं से भीगी हुई हँसी; वेश – रूप, आकृति, छवि; क्लेश – दुःख, पीड़ा, कष्ट; बड़ – बरगद का पेड़; धारा फूट जाए – आँसुओं की धारा बह निकलना; नदी – नदी।

संदर्भ:
पूर्ववत्।

प्रसंग:
प्रस्तुत काव्यांश में कवि प्रियजन से बिछड़ने की पीड़ा और पिता के अंतर्मन की छिपी संवेदना का चित्रण करते हुए पारिवारिक स्नेह, त्याग तथा करुण भावनाओं को व्यक्त करता है।

व्याख्या:
कवि स्वयं को धिक्कारते हुए कहते हैं कि तू इतने थोड़े से दुःख को कितना और कब तक सह सकेगा। यह दुःख तो केवल एक छोटी-सी परीक्षा है और इस पर अपना कोई वश भी नहीं है। जब तक इस दुःख पर नियंत्रण नहीं होगा, तब तक जीवन में कोई रस और आनंद नहीं है। कवि आगे कहते हैं कि तू ऐसा है कि हवा का एक झोंका आया, तो उड़ चला और लहर आई तो मुड़ चला अर्थात् तू परिस्थितियों के सामने बहुत जल्दी डगमगा जाता है। जरा-सा झटका लगते ही टूट बैठता है और गिरकर बिखर जाता है। तू अपने प्रियजनों से दूर होकर पूरी तरह भावनाओं में बह चला है। तेरे पास दुःख के सिवा कुछ नहीं है और तेरी हँसी भी आँसुओं से भीगी हुई है।

इसके बाद कवि पिताजी को याद करते हुए कहते हैं कि पिताजी की छवि और उनका रूप मुझे बहुत कष्ट दे रहा है। पिताजी की देह एक पहाड़ के समान विशाल और दृढ़ है और उनका मन बरगद के पेड़ के समान विस्तृत और छायादार है।

जिस प्रकार बरगद (बड़) के पेड़ से यदि एक भी पत्ता टूट जाए, तो उस स्थान से तुरंत सफेद दूध की धारा बहने लगती है। ठीक इसी प्रकार उनके पिताजी भी अपने बच्चों के प्रति इतने संवेदनशील हैं कि यदि उनके किसी भी बच्चे (जोकि पत्तों के समान हैं) को ज़रा सी भी चोट लग जाए या उसे कोई कष्ट हो, तो पिताजी का हृदय करुणा और ममता से भर जाता है। उनके हृदय से प्रेम और वात्सल्य की ‘दूध जैसी नदी’ उमड़ने लगती है।

यहाँ कवि यह कहना चाह रहे हैं कि भले ही उनके पिताजी शरीर से पहाड़ जैसे मजबूत हैं, लेकिन अपने बच्चों के दुःख को देखकर वे तुरंत द्रवित हो जाते हैं। आज जब कवि जेल में हैं, तो उनके पिताजी इसी तरह व्याकुल और भावुक हो रहे होंगे।

काव्य सौंदर्य
1. इस काव्यांश में कवि ने प्रिय-वियोग की वेदना तथा पिता के स्नेहपूर्ण, कोमल हृदय का मार्मिक चित्रण किया है।
2. ‘देह एक पहाड़ जैसे’ तथा ‘मन कि बड़ का झाड़ जैसे’ में उपमा अलंकार का सुंदर प्रयोग हुआ है, जिससे भाव अधिक सजीव बन गए हैं।
3. ‘धारा फूट जाए’, ‘दूध की नदियाँ उमड़ आएँ’ जैसे बिंबों द्वारा भावों की तीव्रता और करुणा प्रभावशाली रूप से व्यक्त हुई है।
4. भाषा सरल, सरस भावात्मक तथा चित्रात्मक है, जो पाठक के मन में संवेदना और करुणा उत्पन्न करती है।

घर की याद Bhavarth Vyakhya Summary Explanation in Hindi Class 9 Ganga Chapter 12

काव्यांश 8

एक टहनी कम न हो ले, कम कहाँ कि खम न हो ले,
ध्यान कितना फिक्र कितनी डाल जितनी जड़ें उतनी!
इस तरह का हाल उनका इस तरह का ख्याल उनका,
हवा, उनको धीर देना, यह नहीं जी चीर देना,
हे सजीले हरे सावन, हे कि मेरे पुण्य पावन,
तुम बरस लो वे न बरसें, पाँचवें को वे न तरसें,
मैं मजे में हूँ सही है, घर नहीं हूँ बस यही है,
किंतु यह बस बड़ा बम है, इसी बस से सब विरस है,
किंतु उनसे यह न कहना, उन्हें देते धीर रहना,
उन्हें कहना लिख रहा हूँ, उन्हें कहना पढ़ रहा हूँ,

शब्दार्थ:
खम – झुकाव, मोड़, कमी; धीर – धैर्य, साहस; जी चीर देना – हृदय को दुखाना, कष्ट पहुँचाना; सजीले – सुंदर, आकर्षक, सजे हुए; पुण्य पावन – पवित्र, पुण्यदायी; बस – केवल, बाधा, सीमा; बम – बड़ा बोझ, भारी आघात; विरस – नीरस, आनंदहीन।

संदर्भ:
पूर्ववत्।

प्रसंग:
प्रस्तुत काव्यांश में कवि ने पिता के हृदय की गहराई, उनके स्नेह, चिंता और धैर्यपूर्ण स्वभाव का अत्यंत मार्मिक चित्रण किया है।

व्याख्या:
प्रस्तुत काव्यांश में कवि पिताजी की चिंता का वर्णन करते हुए कहते हैं कि पिताजी के मन में यह भाव है कि परिवार की एक भी टहनी कम न हो जाए और यदि कम हो भी जाए, तो वह झुके न। पिताजी का ध्यान और फिक्र उतनी ही गहरी है, जितनी किसी पेड़ की जड़ें होती हैं अर्थात् उनकी ममता असीमित और गहरी है। इसी प्रकार का ख्याल उनके मन में हर समय रहता है। कवि सावन की हवा से विनती करते हैं कि वह पिताजी को धैर्य दे और उनके हृदय को पीड़ित न करे।

इसके बाद कवि सावन को सजीला और हरा भरा बताते हुए उसे अपना पुण्यदायी सखा कहते हैं। वे कहते हैं कि हे सावन ! तुम अत्यधिक बरसो, लेकिन मेरे माता-पिता की आँखें न बरसें अर्थात् वे मेरे लिए रोएँ नहीं और उन्हें अपने पाँचवें बेटे के लिए तरसना न पड़े। कवि आगे कहते हैं कि वे जेल में मजे से हैं और केवल यही एक बात है कि घर पर नहीं हैं। लेकिन यह ‘बस’ यानी घर से दूर होने की यह एक बात ही इतना बड़ा बोझ है कि इसी कारण जीवन का सारा रस और आनंद फीका पड़ गया है।

अंत में कवि सावन से आग्रह करते हैं कि परिवार को उनकी परेशानियों के बारे में कुछ न बताए, बल्कि उन्हें धैर्य देता रहे। उनसे यह कहना कि भवानी लिख रहा है और पढ़ रहा है अर्थात् वह ठीक है और अपने काम में लगा हुआ है। इस प्रकार, कवि अपने परिवार की चिंता को कम करने के लिए स्वयं अपनी पीड़ा छिपाकर उन्हें सांत्वना देना चाहते हैं।

काव्य सौंदर्य
1. प्रस्तुत काव्यांश में पिता-पुत्र के प्रति उनके गहरे भावनात्मक लगाव का मार्मिक चित्रण हुआ है।
2. ‘तुम बरस लो वे न बरसें’ में सावन के बरसने और माँ-पिता की आँखों के न बरसने का सुंदर विरोधाभास है, जो कवि की भावना को गहराई से व्यक्त करता है।
3. ‘हाल उनका ख्याल उनका’ और ‘धीर देना चीर देना’ में अनुप्रास अलंकार है।
4. ‘इसी बस से सब विरस हैं’ में कवि की वह पीड़ा व्यक्त होती है, जो घर से दूर रहने के कारण उनके जीवन का सारा आनंद छीन लेती है।
5. काव्यांश में खड़ीबोली की सहज अभिव्यक्ति हुई हैं।

काव्यांश 9

काम करता हूँ कि कहना, नाम करता हूँ कि कहना,
चाहते हैं लोग, कहना मत करो कुछ शोक, कहना,
और कहना मस्त हूँ मैं, कातने में व्यस्त हूँ मैं,
वजन सत्तर सेर मेरा, और भोजन ढेर मेरा,
कूदता हूँ, खेलता हूँ, दुःख डटकर ठेलता हूँ,
और कहना मस्त हूँ मैं, यों न कहना अस्त हूँ मैं,
हाय रे, ऐसा न कहना है कि जो वैसा न कहना,
कह न देना जागता हूँ, आदमी से भागता हूँ,
कह न देना मौन हूँ मैं, खुद न समझैं कौन हूँ मैं,
देखना कुछ बक न देना, उन्हें कोई शक न देना,
हे सजीले हरे सावन, हे कि मेरे पुण्य पावन,
तुम बरस लो वे न बरसें, पाँचवें को वे न तरसें।

शब्दार्थ:
कातना – चरखे पर सूत कातना; व्यस्त – किसी काम में लगा हुआ, सक्रिय; सेर – एक पुराना वजन का माप लगभग एक किलोग्राम; ठेलता हूँ – धकेलना, दूर हटाना; अस्त – डूबा हुआ, समाप्त; बक न देना – बेकार की बातें न कह देना।

संदर्भ:
पूर्ववत्।

प्रसंग:
प्रस्तुत काव्यांश में कवि सावन के बादलों को संदेशवाहक बनाकर घर भेजते हुए आग्रह करते हैं कि परिवार को उनकी वास्तविक पीड़ा और एकाकीपन की सच्चाई न बताएँ।

व्याख्या:
कवि सावन से कहते हैं कि घर जाकर परिवार को यह बताना कि भवानी काम कर रहा है, नाम कमा रहा है। तुम उन्हें कहना कि जेल के लोग भी उसे बहुत चाहते हैं, इसलिए वे उसके लिए किसी भी प्रकार का शोक न करें। उन्हें यह भी बताना कि वह मस्त है और चरखे पर सूत कातने में व्यस्त है। उसका वजन सत्तर सेर है और खाना भरपूर मिल रहा है। वह कूदता है, खेलता है और दुःखों का डटकर सामना करता है। उनसे यह कभी मत कहना कि वह टूटा हुआ या उदास है।

लेकिन साथ ही कवि सावन को निर्देश देते हुए कहते हैं कि तुम ऐसा भी मत कहना, जो सच में है अर्थात् उनकी वास्तविक पीड़ा और बेचैनी का सच घर तक नहीं पहुँचना चाहिए। यह मत बताना कि वे रात को जागते रहते हैं और लोगों से दूर भागते हैं। यह भी मत कहना कि वे चुप रहते हैं और स्वयं को ही नहीं पहचान पा रहे। सावन से विनती है कि वह कुछ भी ऐसा न बोल दे, जिससे परिवार को उनकी वास्तविक स्थिति का संदेह हो जाए। अंत में एक बार फिर कवि सावन को अपना पुण्यदायी सखा कहते हुए उससे आग्रह करते हैं कि वह अत्यधिक बरसे, लेकिन उनके माता-पिता की आँखें न बरसें और उन्हें अपने पाँचवें बेटे के लिए तरसना न पड़े।

काव्य सौंदर्य
1. काव्यांश में पिता-पुत्र के स्नेह, चिंता और आत्मीय संबंधों का मार्मिक चित्रण हुआ है।
2. ‘काम करता हूँ, नाम करता हूँ’, ‘मस्त हूँ मैं, व्यस्त हूँ मैं’, ‘कूदता हूँ, खेलता हूँ, ठेलता हूँ’ में अनुप्रास अलंकार की सुंदर छटा है।
3. ‘हाय रे, ऐसा न कहना’ और ‘कह न देना जागता हूँ, आदमी से भागता हूँ’ में करुण रस की अत्यंत मार्मिक अभिव्यक्ति है।
4. सरल, सहज और बोलचाल के निकट खड़ीबोली हिंदी का प्रयोग हुआ है।
5. प्रस्तुत काव्यांश में कवि ने सावन को दूत बनाकर अपना संदेश पहुँचाया है।

घर की याद Bhavarth Vyakhya Summary Explanation in Hindi Class 9 Ganga Chapter 12

घर की याद Summary

घर की याद पाठ परिचय

घर की याद Bhavarth Vyakhya Summary Explanation in Hindi Class 9 Ganga Chapter 12 3
प्रस्तुत कविता ‘घर की याद’ के कवि भवानीप्रसाद मिश्र हैं। इनका जन्म वर्ष 1913 में मध्य प्रदेश के होशंगाबाद (वर्तमान नर्मदापुरम) में हुआ था। इस कविता की रचना भवानीप्रसाद मिश्र ने वर्ष 1942 के ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ के दौरान जेल प्रवास के समय की थी। जेल में निरंतर हो रही वर्षा को देखकर कवि के मन में अपने घर और परिजनों की स्मृतियाँ सजीव हो उठती हैं। इस कविता में कवि ने अपने पिता के साहस, माता के अगाध स्नेह और भाई-बहनों के आपसी प्रेम को अत्यंत मर्मस्पर्शी ढंग से चित्रित किया है। यह पाठ एक क्रांतिकारी के व्यक्तिगत भावनात्मक संघर्ष और उसके परिवार के प्रति गहरे लगाव की एक सुंदर अभिव्यक्ति है।

घर की याद पाठ का उद्देश्य

इस पाठ का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वाधीनता संग्राम के सेनानियों द्वारा जेल में झेले गए मानसिक और भावनात्मक कष्टों से अवगत कराना है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को पारिवारिक मूल्यों संबंधों की प्रगाढ़ता और देश के प्रति त्याग की भावना को समझने के लिए प्रेरित किया गया है। कविता का लक्ष्य पाठकों के अंदर मानवीय संवेदनाओं को जगाना और कठिन समय में मानसिक रूप से दृढ़ रहने का कौशल विकसित करना है।

घर की याद पाठ का संदेश

  • यह कविता हमें संदेश देती है कि कठिन परिस्थितियों और एकाकीपन में भी अपनों की यादें मनुष्य के लिए संबल और प्रेरणा का कार्य करती हैं।
  • यह परिवार की एकजुटता और देश के प्रति अपने कर्त्तव्यों के बीच संतुलन बनाए रखने की सीख देती है।
  • साथ ही यह हमें सिखाती है कि अपने दुःख से परिजनों को दुःखी न होने देना और उन्हें धैर्य बँधाना ही सच्ची संवेदनशीलता है।