For quick revisions, Class 9 Hindi Notes and Class 9 Hindi Ganga Chapter 11 झाँसी की रानी कविता Bhavarth Vyakhya Summary Explanation are highly effective study resources.
झाँसी की रानी Class 9 Summary in Hindi
झाँसी की रानी कविता की व्याख्या भावार्थ Class 9
झाँसी की रानी Bhavarth Vyakhya Explanation
काव्यांश 1
सिंहासन हिल उठे, राजवंशों ने भृकुटी तानी थी,
बूढ़े भारत में भी आई फिर से नई जवानी थी,
गुमी हुई आजादी की कीमत सबने पहचानी थी,
दूर फिरंगी को करने की सबने मन में ठानी थी,
चमक उठी सन् सत्तावन में
वह तलवार पुरानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी।।

शब्दार्थ:
सिंहासन – राजगद्दी; हिल उठे – डगमगा उठे / कंपित हो उठे; राजवंशों – राजाओं के कुल; भृकुटी तानी – क्रोध प्रकट किया; बूढ़े भारत – निर्बल और पराधीन भारत; नई जवानी – नया उत्साह और जागृति; गुमी हुई आजादी – खोई हुई स्वतंत्रता; फिरंगी – अंग्रेज शासक; ठानी – दृढ़ निश्चय किया; सन् सत्तावन – 1857 ई. का समय; तलवार पुरानी – प्राचीन वीरता की परंपरा; बुंदेले हरबोले – बुंदेलखंड के लोकगायक; मर्दानी – पुरुषों के समान वीरता दिखाने वाली; झाँसी वाली रानी – रानी लक्ष्मीबाई।
संदर्भ:
प्रस्तुत काव्यांश हमारी पाठ्यपुस्तक ‘गंगा’ में संकलित कविता ‘झाँसी की रानी’ से लिया गया है। इसकी रचयिता प्रसिद्ध कवयित्री सुभद्रा कुमारी चौहान हैं।
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में कवयित्री ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की परिस्थितियों और झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस का वर्णन किया है। इसमें बताया गया है कि किस प्रकार एक लंबे समय की दासता के बाद भारत में आजादी की चेतना पुनः जागृत हुई थी।
भावार्थ:
प्रस्तुत काव्यांश में कवयित्री सुभद्रा कुमारी चौहान ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के समय भारत में उत्पन्न राष्ट्रीय जागरण और वीरता की भावना का अत्यंत प्रभावशाली चित्रण किया है। वे बताती हैं कि जब अंग्रेजों के अत्याचार बढ़ गए, तब भारत के राजसिंहासन तक हिल उठे और विभिन्न राजवंशों के शासकों के मन में क्रोध की लहर जाग उठी।
लंबे समय से पराधीनता के कारण निराश और निर्बल प्रतीत होने वाला भारत अचानक नई ऊर्जा और उत्साह से भर गया। लोगों ने अपनी खोई हुई स्वतंत्रता का महत्त्व समझा और अंग्रेजों को देश से बाहर निकालने का दृढ़ संकल्प कर लिया। इसी समय 1857 की क्रांति रूपी वह पुरानी वीरता की तलवार पुन: चमक उठी, जिसने भारतीयों के हृदय में साहस और संघर्ष की ज्वाला प्रज्वलित कर दी।
कवयित्री आगे कहती हैं कि बुंदेलखंड के लोकगायकों से उन्होंने झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई की वीरता की कथा सुनी, जिन्होंने अद्भुत साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए पुरुषों के समान युद्ध किया। वास्तव में, वे असाधारण वीरांगना थीं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
काव्य सौंदर्य
(i) यह काव्यांश वीर रस से ओत-प्रोत है, जिससे राष्ट्रीय भावना जागृत होती है।
(ii) खड़ी बोली हिंदी का सरल प्रवाहपूर्ण और प्रभावशाली प्रयोग हुआ है।
(iii) ‘सिंहासन हिल उठे’ में अतिशयोक्ति अलंकार का प्रयोग हुआ है।
(iv) ‘बूढ़े भारत में भी आई फिर से नई जवानी’ में मानवीकरण अलंकार का सुंदर उदाहरण है।
(v) ‘तानी थी, जवानी थी पहचानी थी, ठानी थी, कहानी थी, रानी थी’ में अंत्यानुप्रास अलंकार से काव्य में लय और ओज उत्पन्न हुआ है।
(vi) संपूर्ण काव्यांश में देशभक्ति, साहस और प्रेरणा का प्रभावशाली संचार होता है।
![]()
काव्यांश 2
कानपूर के नाना की मुँहबोली बहन ‘छबीली’ थी,
लक्ष्मीबाई नाम, पिता की वह संतान अकेली थी,
नाना के सँग पढ़ती थी वह, नाना के सँग खेली थी,
बरछी, ढाल, कृपाण, कटारी उसकी यही सहेली थी,
वीर शिवाजी की गाथाएँ
उसको याद ज़बानी थीं।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह
तो झाँसी वाली रानी थी।।
शब्दार्थ:
मुँहबोली – जिसे बहन माना गया हो; छबीली – सुंदर / चंचल; संतान – औलाद / बच्चा: कृपाण – छोटी तलवार; कटारी – एक छोटा पैना हथियार; ज़बानी – कंठस्थ / मुँहजुबानी याद होना।
संदर्भ:
पूर्ववत्।
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में कवयित्री ने रानी लक्ष्मीबाई के बचपन, उनके पालन-पोषण और उनकी वीरता के संस्कारों का वर्णन किया है। यहाँ बताया गया है कि लक्ष्मीबाई बचपन से ही सामान्य बालिकाओं से भिन्न शौर्य और साहस की प्रतिमूर्ति थीं।
भावार्थ:
कवयित्री कहती हैं कि झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई अपने पिता की इकलौती संतान थीं। उनका नाम लक्ष्मीबाई था किंतु कानपुर के नाना साहब उन्हें अपनी ‘मुँहबोली बहन’ मानते थे और प्यार से उन्हें ‘छबीली’ कहकर पुकारते थे। लक्ष्मीबाई का बचपन अन्य लड़कियों की तरह गुड़िया-खिलौनों के साथ नहीं बीता, बल्कि वे बचपन से ही नाना साहब के साथ पढ़ती थीं और उन्हीं के साथ युद्ध कला के खेल खेलती थीं।
जहाँ साधारण बालिकाओं की सहेलियाँ सखियाँ होती हैं, वहीं लक्ष्मीबाई की सहेलियाँ बरछी, ढाल, तलवार और कटार जैसे हथियार थे। उन्हें बचपन से ही अस्त्र-शस्त्र चलाने का शौक था। वे केवल शस्त्रों में ही निपुण नहीं थीं, बल्कि उन्हें वीर शिवाजी महाराज के पराक्रम की कहानियाँ मुँहजुबानी याद थीं। इन गाथाओं ने उनके भीतर देशभक्ति और वीरता के बीज बचपन में ही बो दिए थे।
बुंदेलखंड के लोक गायकों (हरबोलों) के मुख से हमने यह गौरवमयी कहानी सुनी हैं, कि वह रानी युद्ध के मैदान में पुरुषों के समान अदम्य साहस के साथ लड़ी थी। वह महान वीरांगना झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई थी, जिसने अपनी मातृभूमि के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी।
काव्य सौंदर्य
(i) काव्यांश में वीर रस की प्रधानता हैं, जिससे साहस और देशभक्ति की भावना जागृत होती है।
(ii) भाषा सरल, ओजपूर्ण तथा प्रभावशाली खड़ी बोली हिंदी है।
(iii) ‘बरछी, ढाल, कृपाण, कटारी में क्रमबद्ध शब्दावली द्वारा सशक्त चित्रात्मकता उत्पन्न हुई है।
(iv) ‘छबीली’ शब्द रानी के चंचल और निर्भीक बाल्यस्वभाव को सजीव बनाता है।
(v) ‘कहानी थी, रानी थी’ में अनुप्रास अलंकार से काव्य में लय और प्रवाह उत्पन्न हुआ है।
(vi) संपूर्ण काव्यांश रानी लक्ष्मीबाई के बाल्यकालीन साहस, शौर्य और राष्ट्रप्रेम का प्रेरक चित्र प्रस्तुत करता है।
काव्यांश 3
लक्ष्मी थी या दुर्गा थी वह स्वयं वीरता की अवतार,
देख मराठे पुलकित होते उसकी तलवारों के वार,
नकली युद्ध, व्यूह की रचना और खेलना खूब शिकार,
सैन्य घेरना, दुर्ग तोड़ना, ये थे उसके प्रिय खिलवार,
महाराष्ट्र-कुल-देवी उसकी
भी आराध्य भवानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह
तो झाँसी वाली रानी थी।।

शब्दार्थ:
लक्ष्मी – धन एवं समृद्धि की देवी; दुर्गा – शक्ति की देवी; अवतार – दिव्य रूप में जन्म; पुलकित – आनंदित / गौरवान्वित; व्यूह की रचना – युद्ध की योजना बनाना; सैन्य घेरना – सेना से चारों ओर से घेरना; खिलवार – प्रिय खेल; आराध्य – पूजनीय; भवानी शक्ति की देवी दुर्गा का रूप।
संदर्भ:
पूर्ववत्।
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में कवयित्री ने लक्ष्मीबाई के युद्ध कौशल, उनकी सैन्य निपुणता और उनके धार्मिक संस्कारों का चित्रण किया है। यहाँ बताया गया है कि रानी केवल नाम की लक्ष्मी नहीं थीं, बल्कि वे साक्षात् वीरता की प्रतिमूर्ति थीं।
भावार्थ:
कवयित्री कहती हैं कि लक्ष्मीबाई को देखकर यह तय करना कठिन था कि वे साक्षात् लक्ष्मी हैं या शक्ति की देवी दुर्गा; वे तो स्वयं वीरता का अवतार थीं। जब वे अपनी तलवार से प्रहार करती थीं, तो उनकी बिजली जैसी फुर्ती और कौशल को देखकर मराठा वीर अत्यंत प्रसन्न (पुलकित) और गौरवान्वित महसूस करते थे।
जहाँ अन्य स्त्रियाँ घरेलू कार्यों में व्यस्त रहती थीं, वहीं लक्ष्मीबाई के प्रिय खेल बहुत साहसी और अलग थे। नकली युद्ध करना, सेना के लिए व्यूह रचना करना, शिकार खेलना, दुश्मन की सेना को घेरना और किले तोड़ना, ये सब उनके बचपन के सबसे पसंदीदा खेल (खिलवार) थे। इन खेलों ने उन्हें एक महान सेनापति के रूप में तैयार किया।
रानी लक्ष्मीबाई का आध्यात्मिक पक्ष भी बहुत मजबूत था। वे महाराष्ट्र के कुल की आराध्य देवी ‘भवानी’ (माँ दुर्गा) की ही पूजा करती थीं। वीरता और भक्ति का यह मेल उनके व्यक्तित्व को और भी ऊँचा बनाता था। बुंदेलखंड के लोक गायक ‘हरबोलों के माध्यम से हमने यही सुना है कि वह वीरांगना झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई थीं, जो युद्ध भूमि में पुरुषों के समान अदम्य साहस के साथ लड़ी थीं।
काव्य सौंदर्य
(i) काव्यांश में वीर रस की प्रधानता है, जिससे साहस और उत्साह की भावना जागृत होती है।
(ii) ‘लक्ष्मी थी या दुर्गा थी’ में संदेह अलंकार द्वारा रानी के दिव्य व्यक्तित्व का प्रभावशाली चित्रण हुआ है।
(iii) ‘सैन्य घेरना, दुर्ग तोड़ना’ आदि पदों से युद्ध कौशल का सजीव चित्र उपस्थित होता है।
(iv) भाषा सरल, ओजपूर्ण और प्रभावशाली खड़ी बोली हिंदी है।
(v) संपूर्ण काव्यांश रानी लक्ष्मीबाई की वीरता, युद्ध – निपुणता और देवी सम तेजस्विता को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत करता है।
![]()
काव्यांश 4
हुई वीरता की वैभव के साथ सगाई झाँसी में,
ब्याह हुआ रानी बन आई लक्ष्मीबाई झाँसी में,
राजमहल में बजी बधाई खुशियाँ छाई झाँसी में,
सुभट बुंदेलों की विरुदावलि सी वह आई झाँसी में,
चित्रा ने अर्जुन को पाया,
शिव से मिली भवानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी।।
शब्दार्थ:
वैभव – ऐश्वर्य, धन-संपत्ति या समृद्धि, सगाई – विवाह से पूर्व होने वाली रस्म (संबंध तय होना); सुभट – महान वीर योद्धा; विरुदावलि – यशोगान या प्रशंसा की काव्यमयी रचना / कीर्ति; चित्रा – अर्जुन की पत्नी ‘चित्रांगदा’ या सुभद्रा (यहाँ ऐतिहासिक वीरता के संदर्भ में प्रयुक्त) भवानी – माँ पार्वती।
संदर्भ:
पूर्ववत्।
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में कवयित्री ने रानी लक्ष्मीबाई के विवाह और उनके झाँसी आगमन का वर्णन किया है। यहाँ लक्ष्मीबाई (वीरता) और झाँसी के राजा गंगाधर राव (वैभव) के मिलन को एक ऐतिहासिक घटना के रूप में दर्शाया गया है।
भावार्थ:
कवयित्री कहती हैं कि झाँसी में साक्षात् वीरता (लक्ष्मीबाई) का मिलन वैभव (झाँसी के राजघराने) के साथ हुआ, जब लक्ष्मीबाई की सगाई झाँसी के राजा के साथ हुई। विवाह के पश्चात् लक्ष्मीबाई रानी बनकर झाँसी आईं, जिससे पूरे राज्य में हर्ष और उल्लास का वातावरण बन गया। राजमहल में बधाई के गीत गाए गए और चारों ओर खुशियाँ छा गई।
लक्ष्मीबाई का झाँसी आना ऐसा था मानो बुंदेलखंड के महान योद्धाओं (सुभटों) का कोई यशोगान (विरुदावलि) स्वयं साकार होकर झाँसी आ गया हो। उनका आगमन केवल एक विवाह नहीं, बल्कि दो महान शक्तियों का मिलन था। कवयित्री इस जोड़ी की तुलना पौराणिक उदाहरणों से करती हुई कहती हैं कि ऐसा लगा जैसे चित्रा ने अर्जुन को प्राप्त कर लिया हो या फिर शिव से माँ भवानी (पार्वती) का मिलन हो गया हो।
यह मिलन झाँसी के सौभाग्य का प्रतीक था। बुंदेलखंड के लोक गायकों के मुख से हमने यही गाथा सुनी है कि वह महान वीरांगना झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई थीं, जो युद्ध भूमि में पुरुषों के समान अदम्य साहस और वीरता के साथ लड़ी थीं।
काव्य सौंदर्य
(i) काव्यांश में वीर रस और उत्सव के भाव का सुंदर समन्वय दिखाई देता है।
(ii) ‘वीरता की वैभव के साथ सगाई’ में रूपक अलंकार का प्रभावशाली प्रयोग हुआ है।
(iii) ‘सुभट बुंदेलों की विरुदावलि-सी में उपमा अलंकार द्वारा रानी के आगमन की महत्ता व्यक्त की गई है।
(iv) ‘चित्रा ने अर्जुन को पाया, शिव से मिली भवानी’ में पौराणिक संदर्भों द्वारा भावों की गरिमा बढ़ाई गई है।
(v) संपूर्ण काव्यांश रानी लक्ष्मीबाई के झाँसी आगमन की गरिमा, तेजस्विता और ऐतिहासिक महत्त्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता है।
काव्यांश 5
उदित हुआ सौभाग्य, मुदित महलों में उजयाली छाई,
किंतु कालगति चुपके-चुपके काली घटा घेर लाई,
तीर चलाने वाले कर में उसे चूड़ियाँ कब भाई,
रानी विधवा हुई हाय! विधि को भी नहीं दया आई,
निःसंतान मरे राजाजी
रानी शोक-समानी थी,
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी।।

शब्दार्थ:
उदित – उदय होना / निकलना; मुदित – प्रसन्न / आनंदित; कालगति – समय की चाल (मृत्यु की ओर ले जाने वाली); कर – हाथ: भाई अच्छी लगीं; विधि – भाग्य या विधाता (ईश्वर); शोक समानी – शोक में डूबी हुई।
संदर्भ:
पूर्ववत्।
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में कवयित्री ने झाँसी के सुखद समय के अचानक दुःख में बदल जाने का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया है। यहाँ राजा गंगाधर राव की मृत्यु और रानी लक्ष्मीबाई के जीवन में आए भीषण संकट का चित्रण हुआ है।
भावार्थ:
कवयित्री कहती हैं कि लक्ष्मीबाई के आने से झाँसी का सौभाग्य जागृत हो गया था और महलों में चारों ओर खुशियों का प्रकाश फैल गया था। किंतु समय की क्रूर चाल (कालगति) चुपके-चुपके दुःख के बादल (काली घटा) घेर लाई। विधाता को भी यह समझ में नहीं आया कि जिन हाथों में शत्रु पर तीर चलाने का सामर्थ्य था, उन हाथों में सुहाग की चूड़ियाँ अधिक समय तक रहें।
अत्यंत दुःख का समय आया, जब राजा गंगाधर राव की मृत्यु हो गई और रानी लक्ष्मीबाई विधवा हो गईं। कवयित्री कहती हैं कि नियति इतनी निर्दयी थी कि उसे रानी के इस कष्ट पर जरा भी दया नहीं आई। राजाजी निःसंतान ( बिना किसी उत्तराधिकारी के) मरे थे, जिसके कारण रानी गहरे शोक में डूब गईं। उनके सामने न केवल अपना व्यक्तिगत दुःख था, , बल्कि झाँसी के भविष्य को लेकर भी गहरी चिंता थी। बुंदेलखंड के लोक गायकों ( हरबोलों) के मुख से हमने यही गाथा सुनी है कि वह वीरांगना झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई थीं, जो कठिन परिस्थितियों में भी टूटी नहीं और पुरुषों के समान साहस और वीरता के साथ संघर्ष के मैदान में डटी रहीं।
काव्य सौंदर्य
(i) काव्यांश में करुण रस और वीर रस का सुंदर समन्वय दिखाई देता है।
(ii) ‘काली घटा घेर लाई’ में रूपक अलंकार द्वारा विपत्ति का प्रभावशाली चित्रण किया गया है।
(iii) ‘तीर चलाने वाले कर में उसे चूड़ियाँ कब भाई’ में विरोधाभास के माध्यम से रानी की परिस्थिति का मार्मिक प्रभाव उत्पन्न हुआ है।
(iv) भाषा सरल, सहज, भावपूर्ण तथा प्रभावशाली खड़ी बोली हिंदी है।
(v) संपूर्ण काव्यांश रानी लक्ष्मीबाई के जीवन में आए अचानक दुःख और संघर्ष की भूमिका को संवेदनात्मक रूप में प्रस्तुत करता है।
![]()
काव्यांश 6
बुझा दीप झाँसी का तब डलहौजी मन में हरषाया,
राज्य हड़प करने का उसने यह अच्छा अवसर पाया,
फौरन फौजें भेज दुर्ग पर अपना झंडा फहराया,
लावारिस का वारिस बनकर ब्रिटिश राज्य झाँसी आया,
अश्रुपूर्ण रानी ने देखा
झाँसी हुई बिरानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी।।
शब्दार्थ:
बुझा दीप – राजा की मृत्यु होना (झाँसी का संरक्षक न रहना); हरषाया – प्रसन्न हुआ; हड़प करना – अनुचित तरीके से अधिकार में लेना; अवसर – मौका; दुर्ग – किला; लावारिस – जिसका कोई उत्तराधिकारी या वारिस न हो; बिरानी – पराई या उजाड़; अश्रुपूर्ण – आँसुओं से भरी हुई।
संदर्भ:
पूर्ववत्।
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में राजा गंगाधर राव की मृत्यु के बाद अंग्रेजों की कुटिल राजनीति और झाँसी को हथियाने के उनके प्रयासों का वर्णन किया गया है। साथ ही लॉर्ड डलहौजी की ‘हड़प नीति’ की ओर संकेत किया गया है।
भावार्थ:
कवयित्री कहती हैं कि जब राजा गंगाधर राव की मृत्यु हुई और न झाँसी का राज दीपक बुझ गया, तब अंग्रेज गवर्नर जनरल डलहौजी मन- की ही मन बहुत प्रसन्न हुआ। उसे लगा कि झाँसी को ब्रिटिश साम्राज्य में मिलाने का इससे अच्छा अवसर नहीं मिल सकता। राजा के निःसंतान मरने के कारण उसने झाँसी को ‘लावारिस’ घोषित कर दिया और स्वयं उसका वारिस बनकर अधिकार जताने लगा।
जी उसने बिना विलंब किए अपनी फौजें (सेनाएँ) भेजीं और झाँसी के किले हरे (दुर्ग) पर अपना झंडा फहरा दिया। जिस झाँसी के लिए लक्ष्मीबाई रानी बनकर आई थीं, आज उसे ब्रिटिश साम्राज्य का हिस्सा बना लिया गया। को अपनी आँखों में आँसू भरकर रानी लक्ष्मीबाई ने देखा कि उनकी प्रिय की झाँसी आज उजाड़ और पराई (बिरानी) हो गई है। अंग्रेजों ने एक विधवा के रानी के दुःख की चिंता न करते हुए राज्य पर कब्जा कर लिया।
बुंदेलखंड के लोक गायकों (हरबोलों के मुख से हमने यही गाथा सुनी है कि ऐसी विकट परिस्थितियों में भी रानी ने हार नहीं मानी और वह वीरांगना पुरुषों के समान साहस के साथ अंग्रेजों से लोहा लेने के लिए तैयार हो गई।
काव्य सौंदर्य
(i) काव्यांश में करुण रस के साथ-साथ वीरता की भावना का संकेत मिलता है।
(ii) ‘बुझा दीप झाँसी का’ में रूपक अलंकार द्वारा राजा की मृत्यु का मार्मिक चित्रण किया गया है।
(iii) ‘लावारिस का वारिस बनकर’ में व्यंग्यात्मक अभिव्यक्ति द्वारा अंग्रेजों की कुटिल नीति स्पष्ट हुई है।
(iv) भाषा सरल, सहज, प्रवाहपूर्ण तथा प्रभावशाली खड़ी बोली हिंदी है।
(v) संपूर्ण काव्यांश अंग्रेजों की अन्यायपूर्ण नीति और रानी लक्ष्मीबाई की पीड़ा को संवेदनात्मक रूप में प्रस्तुत करता है।
काव्यांश 7
अनुनय-विनय नहीं सुनता है, विकट फिरंगी की माया,
व्यापारी बन दया चाहता था जब यह भारत आया,
डलहौजी ने पैर पसारे अब तो पलट गई काया,
राजाओं नव्वाबों को भी उसने पैरों ठुकराया,
रानी दासी बनी, बनी यह
दासी अब महरानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी।।

शब्दार्थ:
अनुनय-विनय – प्रार्थना या विनती; विकट – कठिन या भयानक; माया – चाल या खेल; पैर पसारे – विस्तार करना (अपना प्रभुत्व बढ़ाना); काया पलट – पूरी तरह बदल जाना; ठुकराया – अपमानित करना या महत्त्व न देना; दासी – सेविका (यहाँ पराधीनता के संदर्भ में)।
संदर्भ:
पूर्ववत्।
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में अंग्रेजों (फिरंगियों) की कुटिल नीति और उनके धोखेबाज़ व्यवहार का वर्णन किया गया है। कवयित्री बताती हैं कि जो अंग्रेज कभी दया की भीख माँगते हुए भारत आए थे, वे अब यहाँ के राजाओं के भाग्य विधाता बन बैठे हैं।
भावार्थ:
कवयित्री कहती हैं कि अंग्रेजों की चाल बहुत ही भयानक और विचित्र है, वे किसी की प्रार्थना या विनती (अनुनय-विनय) नहीं सुनते। जब ये अंग्रेज भारत आए थे, तब वे केवल एक साधारण व्यापारी थे और यहाँ के राजाओं से व्यापार करने के लिए दया की भीख माँगते थे। लेकिन धीरे-धीरे डलहौजी ने पूरे भारत में अपने पैर पसार लिए (विस्तार कर लिया) और अब तो स्थिति पूरी तरह बदल चुकी थी।
जो अंग्रेज कभी हाथ जोड़ते थे, अब उन्होंने बड़े-बड़े राजाओं और नवाबों को भी अपमानित कर अपने पैरों तले ठुकरा दिया था। समय का चक्र ऐसा बदला कि जो रानियाँ महलों में राज करती थीं, अंग्रेजों की गुलामी के कारण उनकी स्थिति दासी जैसी हो गई, परंतु झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई ने इस पराधीनता को स्वीकार नहीं किया।
उन्होंने दासी जैसी स्थिति को त्यागकर फिर से महारानी का गौरव प्राप्त किया और अंग्रेजों के विरुद्ध विद्रोह का नेतृत्व किया।
बुंदेलखंड के लोक गायकों के मुख से हमने यही गाथा सुनी है कि वह महान वीरांगना झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई थी, जो विकट परिस्थितियों में भी घबराई नहीं और अंग्रेजों से पुरुषों के समान वीरता के साथ लड़ी।
काव्य सौंदर्य
(i) काव्यांश में अंग्रेजों की कुटिल नीति का यथार्थ चित्रण हुआ है।
(ii) ‘व्यापारी बन दया चाहता था’ में अंग्रेजों की प्रारंभिक नीति का व्यंग्यात्मक चित्रण है।
(iii) ‘काया पलट गई’ में रूपक अलंकार द्वारा स्वभाव परिवर्तन का प्रभावशाली संकेत किया गया है।
(iv) इसमें अंग्रेजों के प्रति ‘क्रोध’ और ‘उत्साह’ का भाव होने के कारण वीर रस की प्रधानता है।
(v) भाषा सरल, सहज, ओजपूर्ण तथा प्रभावशाली खड़ी बोली हिंदी है।
(vi) संपूर्ण काव्यांश में अन्याय के विरुद्ध प्रतिरोध की भावना और स्वतंत्रता की चेतना का प्रभावशाली चित्रण किया गया है।
![]()
काव्यांश 8
छिनी राजधानी देहली की, लिया लखनऊ बातों-बात,
कैद पेशवा था बिठूर में हुआ नागपुर का भी घात,
उदैपूर, तंजोर, सतारा, करनाटक की कौन बिसात,
जब कि सिंध, पंजाब, ब्रह्म पर अभी हुआ था वज्र-निपात,
बंगाले, मद्रास आदि की
भी तो यही कहानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी।।
शब्दार्थ:
बातों-बात – बहुत आसानी से या बहुत कम समय में; घात – विश्वासघात या हमला; बिसात – हैसियत या सामर्थ्य; वज्र-निपात – बिजली का गिरना (यहाँ भारी मुसीबत या भीषण हमले के संदर्भ में): ब्रह्म – बर्मा (म्यांमार का पुराना नाम); पेशवा – मराठा साम्राज्य के प्रधानमंत्री (यहाँ बाजीराव द्वितीय के संदर्भ में)।
संदर्भ:
पूर्ववत्।
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में कवयित्री ने 1857 के समय भारत की राजनीतिक स्थिति का चित्रण किया है। इसमें बताया गया है कि किस प्रकार अंग्रेजों ने बों एक-एक करके भारत के सभी प्रमुख राज्यों और शहरों पर अपना अधिकार कर लिया था, जिससे पूरे देश में असुरक्षा और क्रोध का माहौल था।
भावार्थ:
कवयित्री कहती हैं कि अंग्रेजों का प्रभाव इतनी तेजी से बढ़ा कि उन्होंने देश की राजधानी दिल्ली को जीत लिया और लखनऊ पर भी बहुत आसानी से (बातों-बात में) अधिकार कर लिया। मराठा पेशवा को बिठूर में कैद कर लिया गया और नागपुर पर भी धोखे से हमला (घात) कर उसे हथिया लिया (कब्जा कर लिया) गया।
जब अंग्रेजों ने सिंध, पंजाब और ब्रह्म (बर्मा) जैसे शक्तिशाली राज्यों पर भीषण हमला (वज्र-निपात) कर उन्हें अपने अधीन कर लिया, तो फिर उदयपुर, तंजौर, सतारा और कर्नाटक जैसे छोटे राज्यों की क्या बिसात (हैसियत) थी; भी अंग्रेजों का सामना नहीं कर पाए। बंगाल और मद्रास (चेन्नई) जैसे अन्य प्रांतों की स्थिति भी अलग नहीं थी। वे भी अंग्रेजों की गुलामी का शिकार हो चुके थे।
पूरे भारत में अंग्रेजों का जाल फैल चुका था, जिससे स्पष्ट था कि अब केवल झाँसी ही नहीं, बल्कि पूरा देश संकट में था। बुंदेलखंड के लोक गायकों (हरबोलों) के मुख से हमने यही गाथा सुनी है कि ऐसी विषम परिस्थितियों में भी झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई ने हार नहीं मानी और पुरुषों के समान साहस के साथ अंग्रेजों के विरुद्ध युद्ध करती रहीं।
काव्य सौंदर्य
(i) काव्यांश में अंग्रेजों की विस्तारवादी नीति का यथार्थ चित्रण हुआ है।
(ii) विभिन्न राज्यों के उल्लेख से ऐतिहासिकता और प्रामाणिकता का प्रभाव उत्पन्न हुआ है।
(iii) ‘वज्र-निपात’ में रूपक अलंकार द्वारा अंग्रेजों के आक्रमण की तीव्रता व्यक्त हुई है।
(iv) भाषा सरल, सहज, ओजपूर्ण तथा प्रभावशाली खड़ी बोली हिंदी है।
(v) संपूर्ण काव्यांश में पराधीन (परतंत्र) भारत की दयनीय स्थिति और स्वतंत्रता की आवश्यकता का सशक्त संकेत मिलता है।
काव्यांश 9
रानी रोई रनिवासों में बेगम ग्रम से थीं बेजार
उनके गहने-कपड़े बिकते थे कलकत्ते के बाजार,
सरे-आम नीलाम छापते थे अंग्रेजों के अखबार,
‘नागपूर के जेवर ले लो’ ‘लखनऊ के लो नौलख हार’,
यों परदे की इज़्ज़त पर-
देशी के हाथ बिकानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी।।
शब्दार्थ:
रनिवासों – रानियों के रहने का स्थान (महल का भीतरी भाग); बेजार – अत्यधिक दुःखी या परेशान; सरे-आम – सबके सामने / सार्वजनिक रूप से; नौलख हार – बहुत कीमती (नौ लाख का) हार; इज़्ज़त – मान-मर्यादा; परदे की इज्ज़त – घर की स्त्रियों का सम्मान; परदेशी – विदेशी (यहाँ अंग्रेजों के लिए)।
संदर्भ:
पूर्ववत्।
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में अंग्रेजों द्वारा भारतीय राजघरानों के अपमान और उनकी संपत्ति की लूट का वर्णन किया गया है। कवयित्री बताती हैं कि किस प्रकार अंग्रेज न केवल राज्य हड़प रहे थे, बल्कि भारतीय नारी की मर्यादा और उनके आभूषणों को भी सरेआम नीलाम कर रहे थे।
भावार्थ:
कवयित्री कहती हैं कि अंग्रेजों के अत्याचारों के कारण झाँसी की रानी अपने रनिवासों में रो रही थीं और नवाबों की बेगमें भी गहरे दुःख से बेहाल (बेजार) थीं। दुःख का कारण केवल सत्ता छिनना नहीं था- बल्कि अंग्रेजों की निर्लज्जता थी। वे रानियों के बहुमूल्य गहने और कपड़े तक छीन लेते थे और उन्हें कलकत्ता के बाजारों में बेचने के लिए भेजा देते थे।
अंग्रेजों के अखबार बड़े गर्व के साथ सरेआम नीलामी के विज्ञापन छापते थे। उन विज्ञापनों में प्रत्यक्ष रूप से लिखा होता था- ‘नागपुर के जेवर ले लो’ या ‘लखनऊ का प्रसिद्ध नौलखा हार ले लो। जो आभूषण रानियों की शोभा थे और जो राजघरानों की मर्यादा का हिस्सा थे, उन्हें बाजार में सस्ते मूल्य पर बेचा जा रहा था।
इस प्रकार, भारत की स्त्रियाँ, जिनकी मर्यादा सदैव परदे (घर के भीतर) में सुरक्षित रहती थी, आज उनकी इज़्ज़त विदेशी (परदेशी) हाथों में नीलाम हो रही थी। यह अपमान पूरे देश के स्वाभिमान पर चोट थी। बुंदेलखंड के लोक गायकों (हरबोलों के मुख से हमने यही गाथा सुनी है कि इसी अपमान का बदला लेने के लिए वह वीरांगना झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई पुरुषों के समान वीरता के साथ अंग्रेजों के विरुद्ध लड़ी।
काव्य सौंदर्य
(i) काव्यांश में करुण रस की प्रधानता है, जिससे राजघरानों की दयनीय स्थिति स्पष्ट होती है।
(ii) ‘सरेआम नीलाम’ शब्दों द्वारा अंग्रेजों की निर्दयता का सजीव चित्र प्रस्तुत हुआ है।
(iii) ‘परदे की इज़्ज़त में स्त्री सम्मान का मार्मिक प्रतीकात्मक चित्रण हुआ है।
(iv) भाषा सरल, सहज, प्रभावशाली और भावपूर्ण खड़ी बोली हिंदी है।
(v) संपूर्ण काव्यांश अंग्रेजों द्वारा भारतीय संस्कृति और सम्मान पर किए गए आघात का संवेदनात्मक चित्र प्रस्तुत करता है।
![]()
काव्यांश 10
कुटियों में थी विषम वेदना, महलों में आहत अपमान,
वीर सैनिकों के मन में था, अपने पुरखों का अभिमान,
नाना धुंधूपंत पेशवा जुटा रहा था सब सामान,
बहिन छबीली ने रणचंडी का कर दिया प्रकट आह्वान,
हुआ यज्ञ प्रारंभ उन्हें तो
सोई ज्योति जगानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी।।
शब्दार्थ:
विषम – अत्यंत कठिन या भयानक; वेदना – पीड़ा या दुःख; आहत – घायल या चोट पहुँचा हुआ; पुरखों – पूर्वजों अभिमान – गर्व; रण-चंडी – युद्ध की देवी (माँ काली का स्वरूप); आहवान – पुकारना या बुलावा देना; ज्योति – लौ या
प्रकाश।
संदर्भ:
पूर्ववत्।
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में 1857 की क्रांति के संगठित होने का वर्णन है। कवयित्री बताती हैं कि किस प्रकार समाज के प्रत्येक वर्ग (गरीब-अमीर) में अंग्रेजों के प्रति आक्रोश था और कैसे रानी लक्ष्मीबाई ने युद्ध का आह्वान कर सोए हुए राष्ट्र को जगाया।
भावार्थ:
कवयित्री कहती हैं कि अंग्रेजों के शासन में गरीब जनता अपनी कुटियों में अत्यंत कष्ट (विषम वेदना) सह रही थी, तो दूसरी ओर राजघरानों के लोग महलों में अपने अपमान से घायल थे। पूरा देश दुःखी था, लेकिन भारतीय वीर सैनिकों के मन में अभी भी अपने पूर्वजों (पुरखों) का गौरव और स्वाभिमान जीवित था। वे अंग्रेजों को सबक सिखाने के लिए व्याकुल थे।
विद्रोह की इसी कड़ी में नाना धुंधूपंत पेशवा युद्ध के लिए आवश्यक संसाधन (हथियार सैनिक आदि) जुटाने में लगे थे। इसी बीच उनकी मुँहबोली बहन ‘छबीली’ (रानी लक्ष्मीबाई) ने साक्षात् ‘रण चंडी’ का रूप धारण कर युद्ध का खुला आह्वान कर दिया। उन्होंने औरतों को शस्त्र उठाने और अपनी रक्षा स्वयं करने के लिए प्रेरित किया।
यह केवल एक युद्ध नहीं, बल्कि स्वतंत्रता का एक महायज्ञ था। रानी का मुख्य उद्देश्य भारतीयों के हृदय में बुझ चुकी देशभक्ति की ज्योति को पुनः जगाना था। बुंदेलखंड के लोक गायकों (हरबोलों) के मुख से हमने यही गाथा सुनी है कि वह महान वीरांगना झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई थीं, जो युद्ध भूमि में पुरुषों के समान अदम्य वीरता के साथ अंग्रेजों के विरुद लड़ीं।
काव्य सौंदर्य
(i) काव्यांश में वीर रस और राष्ट्रीय चेतना का प्रभावशाली समन्वय दिखाई देता है।
(ii) ‘रण-चंडी’ में रूपक अलंकार द्वारा रानी लक्ष्मीबाई के प्रचंड वीर रूप का चित्रण हुआ है।
(iii) ‘सोई ज्योति जगानी थी’ में स्वतंत्रता चेतना का प्रतीकात्मक और प्रेरक चित्र उपस्थित हुआ है।
(iv) भाषा सरल, प्रवाहमय, ओजपूर्ण तथा प्रभावशाली खड़ी बोली हिंदी है।
(v) ‘कुटियों में’ थी विषम वेदना, महलों में आहत अपमान’ में विरोधाभास द्वारा व्यापक राष्ट्रीय पीड़ा का सजीव चित्रण हुआ है।
(vi) संपूर्ण काव्यांश स्वतंत्रता संग्राम की तैयारी और जन-चेतना की भावना को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत करता है।
काव्यांश 11
महलों ने दी आग, झोंपड़ी ने ज्वाला सुलगाई थी,
यह स्वतंत्रता की चिनगारी अंतरतम से आई थी,
झाँसी चेती, दिल्ली चेती, लखनऊ लपटें छाई थीं,
मेरठ, कानपुर, पटना ने भारी धूम मचाई थी,
जबलपुर, कोल्हापुर में भी
कुछ हलचल उकसानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी।।
शब्दार्थ:
ज्वाला – आग की लपटें; अंतरतम – हृदय की गहराइयों से / अंतरात्मा से; चिनगारी – आग का छोटा कण (यहाँ विद्रोह की शुरुआत के संदर्भ में); चेती – जाग्रत हुई या सचेत हुई; धूम मचाई – तहलका मचाना या जोश के साथ विद्रोह करना; उकसानी – जाग्रत करना या बढ़ावा देना।
संदर्भ:
पूर्ववत्
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम का विस्तार से वर्णन 5 किया गया है। कवयित्री बताती हैं कि यह विद्रोह केवल राजाओं तक सीमित नहीं था, बल्कि इसमें अमीर-गरीब सभी शामिल थे और यह देश के विभिन्न शहरों; जैसे-दिल्ली, लखनऊ, मेरठ और कानपुर तक फैल चुका था।
भावार्थ:
कवयित्री कहती हैं कि आजादी की यह लड़ाई पूरे समाज की साझा लड़ाई बन गई थी। जहाँ महलों ने विद्रोह की आग दी, वहीं झोंपड़ियों (आम जनता) ने उस आग को ज्वाला का रूप दे दिया। इसका अर्थ है कि राजाओं और प्रजा, दोनों ने मिलकर अंग्रेजों के विरुद्ध मोर्चा – खोल दिया। यह स्वतंत्रता की चिनगारी किसी के दबाव में नहीं, बल्कि भारतीयों के हृदय की गहराइयों (अंतरतम) से निकली थी।
विद्रोह की यह लहर तेजी से फैली, झाँसी और दिल्ली के लोग जाग उठे, लखनऊ में भी आजादी की लपटें फैल गई। मेरठ, कानपुर और पटना जैसे शहरों में भी क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों के विरुद्ध भारी हलचल और विद्रोह कर दिया। यहाँ तक कि जबलपुर और कोल्हापुर जैसे सुदूर क्षेत्रों में भी आजादी को पाने की बेचैनी और हलचल पैदा होने लगी थी।
पूरे भारत में अंग्रेजों के खिलाफ एक व्यापक जन आक्रोश फूट पड़ा था। बुंदेलखंड के लोक गायकों (हरबोलों) के मुख से हमने यही गाथा सुनी है, कि इस महासंग्राम में झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई ने पुरुषों के समान वीरता का परिचय देते हुए अंग्रेजों से डटकर मुकाबला किया।
काव्य सौंदर्य
(i) काव्यांश में राष्ट्रीय चेतना और वीर रस का प्रभावशाली समन्वय दिखाई देता है।
(ii) ‘महलों ने दी आग, झोंपड़ी ने ज्वाला सुलगाई’ में रूपक अलंकार द्वारा जन-जन में फैली क्रांति का चित्रण हुआ है।
(iii) विभिन्न नगरों के उल्लेख से ऐतिहासिकता और व्यापकता का प्रभाव उत्पन्न हुआ है।
(iv) ‘स्वतंत्रता की चिनगारी’ में स्वतंत्रता-भावना का प्रतीकात्मक और प्रेरक चित्र प्रस्तुत हुआ है।
(v) भाषा सरल, सहज, ओजपूर्ण तथा प्रभावशाली खड़ी बोली हिंदी है।
(vi) संपूर्ण काव्यांश में जन-जन में जागृत स्वतंत्रता की चेतना का सशक्त और प्रेरणादायक चित्रण हुआ है।
![]()
काव्यांश 12
इस स्वतंत्रता-महायज्ञ में कई वीरवर आए काम
नाना धुंधूपंत, ताँतिया, चतुर अज़ीमुल्ला सरनाम,
अहमद शाह मौलवी, ठाकुर कुँवरसिंह सैनिक अभिराम,
भारत के इतिहास- गगन में अमर रहेंगे जिनके नाम,
लेकिन आज जुर्म कहलाती
उनकी जो कुरबानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी।।
शब्दार्थ:
महायज्ञ – महान उद्देश्य के लिए किया गया त्याग (यहाँ स्वतंत्रता संग्राम); वीरवर – श्रेष्ठ वीर योद्धा; काम आना – युद्ध में शहीद होना या बलिदान देना; सरनाम – प्रसिद्ध या विख्यात; अभिराम – सुंदर या मोहक (यहाँ वीरतापूर्ण व्यक्तित्व के लिए); इतिहासगगन – इतिहास रूपी आकाश; जुर्म – अपराध।
संदर्भ:
पूर्ववत्।
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में कवयित्री ने उन महान क्रांतिकारियों और शहीदों का स्मरण किया है, जिन्होंने रानी लक्ष्मीबाई के साथ मिलकर इस स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लिया था। यहाँ बताया गया है कि देश की आजादी के लिए दिए गए उनके बलिदान को अंग्रेज ‘अपराध’ मानते थे।
भावार्थ:
कवयित्री कहती हैं कि आजादी के इस स्वतंत्रता-महायज्ञ की वेदी पर देश के कई श्रेष्ठ वीरों (वीरवर) ने अपने प्राणों की आहुति दे दी। इस महान संघर्ष में नाना धुंधूपंत पेशवा, ताँतिया टोपे, चतुर अजीमुल्ला खाँ जैसे विख्यात नाम शामिल थे। इनके साथ ही अहमद शाह मौलवी और ठाकुर कुँवरसिंह जैसे आकर्षक व्यक्तित्व वाले वीर सैनिकों ने भी अदम्य साहस का परिचय दिया।
भारत के इतिहास रूपी आकाश में इन सभी वीरों के नाम सदैव सितारों की तरह अमर रहेंगे। आने वाली पीढ़ियाँ उनके त्याग और शौर्य से प्रेरणा लेती रहेंगी। लेकिन विडंबना यह थी कि उस समय के अंग्रेज शासकों की दृष्टि में उनका यह देशप्रेम और बलिदान (कुर्बानी) एक ‘जुर्म’ या अपराध कहलाता था, जिसके लिए उन्हें भारी कीमत चुकानी पड़ी।
बुंदेलखंड के लोक गायकों (हरबोलों) के मुख से हमने यही गाथा सुनी है कि इसी गौरवशाली इतिहास का हिस्सा बनकर वह महान वीरांगना झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई पुरुषों के समान वीरता के साथ अंग्रेजों के विरुद्ध लड़ी थी।
काव्य सौंदर्य
(i) काव्यांश में वीर रस और देशभक्ति की भावना का सशक्त चित्रण हुआ है।
(ii) ‘स्वतंत्रता-महायज्ञ’ में रूपक अलंकार द्वारा स्वतंत्रता संग्राम को यज्ञ के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
(iii) वीर सेनानायकों के नामों के उल्लेख से ऐतिहासिकता और प्रेरणात्मकता का प्रभाव उत्पन्न हुआ है।
(iv) इतिहास-गगन’ में रूपक अलंकार द्वारा इतिहास की व्यापकता और महानता का संकेत किया गया है।
(v) भाषा सरल, ओजपूर्ण तथा प्रभावशाली खड़ी बोली हिंदी है।
(vi) संपूर्ण काव्यांश में स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, साहस और गौरवपूर्ण योगदान का प्रेरणादायक चित्र प्रस्तुत हुआ है।
काव्यांश 13
इनकी गाथा छोड़ चलें हम झाँसी के मैदानों में,
जहाँ खड़ी है लक्ष्मीबाई मर्द बनी मर्दानों में,
लेफ्टिनेंट वॉकर आ पहुँचा, आगे बढ़ा जवानों में,
रानी ने तलवार खींच ली, हुआ द्वंद्व असमानों में,
जख्मी होकर वॉकर भागा,
उसे अजब हैरानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी।।

शब्दार्थ:
गाथा – कहानी या प्रशंसा के गीत; लेफ्टिनेंट वॉकर – एक अंग्रेज सैन्य अधिकारी; जवानों – सैनिकों; द्वंद्व – दो योद्धाओं के बीच होने वाला युद्ध; अजब – विचित्र या अनोखी; अजब – आश्चर्य।
संदर्भ:
पूर्ववत्।
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में झाँसी के युद्ध क्षेत्र का वर्णन है, जहाँ रानी लक्ष्मीबाई अपनी सेना का नेतृत्व कर रही हैं। यहाँ रानी और अंग्रेज अधिकारी लेफ्टिनेंट वॉकर के बीच हुए भीषण युद्ध और रानी की विजय का उल्लेख किया गया है।
भावार्थ:
कवयित्री कहती हैं कि भारत के अन्य वीरों की कहानियों को पीछे छोड़कर अब हम झाँसी के युद्ध के मैदान की ओर चलते हैं। वहाँ रानी लक्ष्मीबाई पुरुषों के बीच एक वीर योद्धा (मर्द) बनकर अंग्रेजों का मुकाबला करने के लिए निडर खड़ी हैं। तभी अंग्रेजों की ओर से लेफ्टिनेंट वॉकर अपनी सेना के साथ आगे बढ़ा और भारतीय सैनिकों पर हमला कर दिया।
रानी ने तुरंत अपनी तलवार खींच ली और उन दोनों के बीच भीषण युद्ध शुरू हो गया। यह युद्ध ‘असमानों के बीच था, क्योंकि एक ओर सत्ता के मद में चूर अंग्रेज अधिकारी था और दूसरी ओर अपनी मातृभूमि के लिए T प्राण न्योछावर करने वाली साक्षात् शक्ति स्वरूपा रानी लक्ष्मीबाई थीं।
रानी के प्रहार इतने तीव्र और सटीक थे कि वॉकर जख्मी होकर मैदान छोड़कर भाग खड़ा हुआ। उसे इस बात की अनोखी (अजब) हैरानी थी कि एक महिला इतना जबरदस्त युद्ध कौशल कैसे दिखा सकती है।
बुंदेलखंड के लोक गायकों (हरबोलों) के मुख से हमने यही गाथा सुनी है कि वह महान वीरांगना झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई थी, जो युद्ध भूमि में पुरुषों के समान अदम्य वीरता के साथ लड़ी और बड़े-बड़े अंग्रेज अधिकारियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।
काव्य सौंदर्य
(i) काव्यांश में वीर रस की प्रधानता है, जिससे उत्साह और साहस की भावना जागृत होती है।
(ii) ‘मर्द बनी मर्दानों में’ में अतिशयोक्ति तथा भावोन्मेष द्वारा रानी की वीरता को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया गया है।
(iii) ‘तलवार खींच ली’ जैसे क्रियात्मक पदों से युद्ध का सजीव चित्र उपस्थित होता है।
(iv) ‘द्वंद्व असमानों में’ में विरोधाभास का संकेत मिलता है, क्योंकि एक ओर अंग्रेज अधिकारी और दूसरी ओर एक वीरांगना थीं।
(v) भाषा सरल, सहज, ओजपूर्ण तथा प्रभावशाली खड़ी बोली हिंदी है।
(vi) संपूर्ण काव्यांश रानी लक्ष्मीबाई के अद्वितीय साहस, युद्ध-कौशल और आत्मविश्वास का प्रेरणादायक चित्र प्रस्तुत करता है।
![]()
काव्यांश 14
रानी बढ़ी कालपी आई, कर सौ मील निरंतर पार
घोड़ा थक कर गिरा भूमि पर गया स्वर्ग तत्काल सिधार,
यमुना तट पर अंग्रेजों ने फिर खाई रानी से हार,
विजयी रानी आगे चल दी, किया ग्वालियर पर अधिकार,
अंग्रेजों के मित्र सिंधिया
ने छोड़ी राजधानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी।।
शब्दार्थ:
निरंतर – लगातार (बिना रुके); तत्काल – तुरंत / उसी समय; सिधार – प्रस्थान करना (यहाँ मृत्यु के संदर्भ में); यमुना तट – यमुना नदी का किनारा; अधिकार – कब्जा; रजधानी – राजधानी।
संदर्भ:
पूर्ववत्।
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में रानी लक्ष्मीबाई की वीरतापूर्ण विजय यात्रा का वर्णन किया गया है। झाँसी से निकलने के बाद रानी ने किस प्रकार कालपी और ग्वालियर पर अपना विजय का परचम लहराया और इस दौरान उन्हें किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, इसे यहाँ दर्शाया गया है।
भावार्थ:
कवयित्री कहती हैं कि अंग्रेजों को पराजित करते हुए रानी लक्ष्मीबाई आगे बढ़ीं और सौ मील का कठिन रास्ता लगातार पार करके वे कालपी पहुँच गई। इतनी लंबी और तेज दौड़ के कारण उनका घोड़ा बुरी तरह थककर भूमि पर गिर पड़ा और तुरंत मर गया (स्वर्ग सिधार गया)। रानी के लिए यह एक बड़ी व्यक्तिगत क्षति थी, क्योंकि वह घोड़ा उनका विश्वसनीय साथी था, लेकिन रानी तब भी रुकी नहीं। यमुना के किनारे अंग्रेजों और रानी के बीच पुनः भीषण युद्ध हुआ, जहाँ अंग्रेजों को एक बार फिर रानी के हाथों कड़ी हार का सामना करना पड़ा। युद्ध जीतते हुए साहसी रानी आगे बढ़ीं और उन्होंने ग्वालियर के किले पर अपना अधिकार कर लिया। ग्वालियर के राजा सिंधिया, जो अंग्रेजों के मित्र थे, रानी के साहस और पराक्रम को देखकर भय के कारण अपनी राजधानी छोड़कर भाग खड़े हुए।
इस प्रकार, रानी ने अपनी वीरता से न केवल अंग्रेजों को परास्त किया, बल्कि उनके समर्थकों को भी धूल चटा दी। बुंदेलखंड के लोक गायकों ( हरबोलों) के मुख से हमने यही गाथा सुनी है कि वह महान वीरांगना झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई थीं, जो युद्ध भूमि में पुरुषों के समान अदम्य वीरता के साथ अंग्रेजों के विरुद्ध लड़ीं।
काव्य सौंदर्य
(i) काव्यांश में वीर रस की प्रधानता है, जिससे साहस और उत्साह की भावना जागृत होती है।
(ii) ‘कर सौ मील निरंतर पार’ में अतिशयोक्ति अलंकार द्वारा रानी के पराक्रम का प्रभावशाली चित्रण हुआ है।
(iii) ‘घोड़ा थक कर गिरा भूमि पर’ में करुण भाव का मार्मिक स्पर्श मिलता है।
(iv) घटनाओं का क्रमबद्ध वर्णन काव्य को ऐतिहासिकता और प्रभावशीलता प्रदान करता है।
(v) भाषा सरल, ओजपूर्ण तथा प्रभावशाली खड़ी बोली हिंदी है।
(vi) संपूर्ण काव्यांश रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और नेतृत्व क्षमता का प्रेरणादायक चित्र प्रस्तुत करता है।
काव्यांश 15
विजय मिली, पर अंग्रेजों की फिर सेना घिर आई थी,
अबके जनरल स्मिथ सन्मुख था, उसने मुँह की खाई थी,
काना और मंदरा सखियाँ रानी के सँग आई थीं,
युद्ध क्षेत्र में उन दोनों ने भारी मार मचाई थी,
पर, पीछे ह्यू रोज आ गया,
हाय! घिरी अब रानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी।।

शब्दार्थ:
सन्मुख – सामने; मुँह की खाना – बुरी तरह हारना (मुहावरा); काना और मंदरा – रानी लक्ष्मीबाई की प्रिय सखियाँ और वीरांगनाएँ; भारी मार मचाई – शत्रुओं का बड़े पैमाने पर संहार करना; ह्यू रोज – एक प्रसिद्ध अंग्रेज; घिरी – चारों ओर से शत्रुओं से घिर जाना।
संदर्भ:
पूर्ववत्।
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में ग्वालियर के युद्ध का वर्णन है। यहाँ रानी लक्ष्मीबाई की वीरता, उनकी सखियों के साहस और अंततः अंग्रेज जनरल ह्यू रोज द्वारा रानी को चारों ओर से घेर लिए जाने की दुःखद घटना को दर्शाया गया है। साथ ही जनरल स्मिथ की पराजय का भी चित्रण किया गया है।
भावार्थ:
कवयित्री कहती हैं कि ग्वालियर पर अधिकार करने के बाद रानी को विजय तो मिली, परंतु यह खुशी अधिक समय तक न रही, क्योंकि अंग्रेजों की एक विशाल सेना ने उन्हें फिर से घेर लिया। इस बार रानी के सामने अंग्रेज जनरल स्मिथ था। रानी के पराक्रम के आगे स्मिथ टिक न सका और उसे भी मुँह की खानी पड़ी अर्थात् वह बुरी तरह पराजित हुआ।
इस युद्ध में रानी अकेली नहीं थीं, उनकी दो निडर और साहसी सखियाँ – काना और मंदरा भी उनके साथ युद्ध क्षेत्र में उतरी थीं। इन दोनों वीरांगनाओं ने अपनी तलवारों से शत्रु सेना में भारी तबाही (मार) मचाई और रानी का डटकर साथ दिया। रानी और उनकी सखियों का शौर्य देखकर अंग्रेज चकित (हैरान) थे।
किंतु तभी युद्ध के मैदान में पीछे की ओर से एक और अंग्रेज अधिकारी ह्यू रोज अपनी सेना लेकर आ पहुँचा। रानी जो पहले से ही स्मिथ से लड़ रही थीं, अब पीछे से आए इस नए संकट के कारण चारों ओर से घिर गईं।
कवयित्री ‘हाय!’ शब्द का प्रयोग कर उस मर्मस्पर्शी क्षण को व्यक्त करती हैं, जहाँ से रानी की सुरक्षा खतरे में पड़ गई थी। बुंदेले हरबोलों के मुख से हमने यही सुना है कि वह महान वीरांगना झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई थीं, जो अंत तक पुरुषों के समान वीरता के साथ अंग्रेजों से लड़ती रहीं।
काव्य सौंदर्य
(i) प्रस्तुत काव्यांश की भाषा ओजपूर्ण खड़ी बोली है, जिसमें मुहावरों (मुँह की खाई) का सुंदर प्रयोग है।
(ii) इसमें वीर रस के साथ-साथ करुण रस का भी प्रयोग है।
(iii) ‘भारी मार मचाई’ में अनुप्रास अलंकार है।
(iv) ‘मुँह की खाई’ मुहावरे के प्रयोग से काव्य में विशिष्टता आई है।
(v) कवयित्री ने लक्ष्मीबाई के साथ उनकी सखियों (नारी शक्ति) के योगदान को भी प्रमुखता दी है।
![]()
काव्यांश 16
तो भी रानी मार-काटकर चलती बनी सैन्य के पार,
किंतु सामने नाला आया था यह संकट विषम अपार,
घोड़ा अड़ा, नया घोड़ा था, इतने में आ गए सवार,
रानी एक, शत्रु बहुतेरे होने लगे वार पर वार,
घायल होकर गिरी सिंहनी
उसे वीर गति पानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी।।
शब्दार्थ:
सैन्य – सेना; विषम – अत्यंत कठिन; अपार – जिसकी कोई सीमा न हो; अड़ा – रुक गया या आगे बढ़ने से मना कर दिया; सवार – घुड़सवार सैनिक; बहुतेरे – बहुत सारे; सिंहनी – शेरनी (यहाँ रानी लक्ष्मीबाई के लिए प्रयुक्त); वीर गति – युद्ध में लड़ते हुए सम्मानजनक मृत्यु प्राप्त करना।
संदर्भ:
पूर्ववत्।
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में रानी लक्ष्मीबाई के अंतिम युद्ध और उनके बलिदान का मर्मस्पर्शी वर्णन है। शत्रुओं से घिर जाने के बाद भी रानी ने साहस नहीं खोया, परंतु एक दुर्भाग्यपूर्ण भौगोलिक बाधा (नाला) और नए घोड़े के रुक जाने के कारण वे शत्रुओं के घेरे में आ गई।
भावार्थ:
कवयित्री कहती हैं कि ब्रिटिश सेना द्वारा चारों ओर से घिर जाने के बाद भी रानी लक्ष्मीबाई ने हिम्मत नहीं हारी। वे अपनी तलवार से मार-काट मचाती हुई दुश्मन की सेना को चीरकर पार निकल गई। लेकिन तभी उनके सामने एक गहरा नाला आ गया। रानी के लिए यह अत्यंत कठिन और विषम संकट था। उनका पुराना और प्रशिक्षित घोड़ा पहले ही शहीद हो चुका था और यह नया घोड़ा नाले को पार करने में असफल होकर रुक गया।
घोड़े के रुकते ही पीछे से पीछा कर रहे अंग्रेज घुड़सवार वहाँ पहुँच गए। अब स्थिति अत्यंत विषम थी, रानी अकेली थीं और शत्रु अनेक अंग्रेजों ने चारों ओर से घेरकर रानी पर वार पर वार करने शुरू कर दिए। अंततः, शत्रुओं से लड़ते हुए वह सिंहनी के समान साहसी वीरांगना घायल होकर भूमि पर गिर पड़ी और मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीर गति को प्राप्त हो गई।
बुंदेलखंड के लोक गायकों (हरबोलों) के मुख से हमने यही गाथा सुनी है कि वह महान वीरांगना झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई थीं, जो अंतिम साँस तक पुरुषों के समान अदम्य वीरता के साथ अंग्रेजों से लड़ती रहीं।
काव्य सौंदर्य
(i) प्रस्तुत काव्यांश में वीर रस और करुण रस का मर्मस्पर्शी समावेश है।
(ii) ‘घायल होकर गिरी सिंहनी’ में रूपक अलंकार (रानी की तुलना शेरनी से की गई है) और ‘वार पर वार’ में पुनरुक्तिप्रकाश अलंकार है।
(iii) वर्णनात्मक और नाटकीय शैली प्रयुक्त है, जो युद्ध के अंतिम क्षणों को जीवंत करती है।
(iv) कवयित्री ने यह स्पष्ट किया है कि रानी किसी सैनिक से नहीं, बल्कि एक ‘भौगोलिक बाधा’ और ‘नियति’ से हारीं अन्यथा उन्हें पराजित कर पाना असंभव था।
काव्यांश 17
रानी गई सिधार, चिता अब उसकी दिव्य सवारी थी,
मिला तेज से तेज, तेज की वह सच्ची अधिकारी थी,
अभी उम्र कुल तेइस की थी, मनुज नहीं अवतारी थी,
हमको जीवित करने आई बन स्वतंत्रता नारी थी,
दिखा गई पथ, सिखा गई
हमको जो सीख सिखानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह
तो झाँसी वाली रानी थी।।
शब्दार्थ:
सिधार – परलोक गमन (मृत्यु); दिव्य – अलौकिक या देवताओं जैसा; तेज – आभा, शक्ति या आत्मा का प्रकाश; मनुज – साधारण मनुष्य; अवतारी – ईश्वर का रूप या किसी विशेष उद्देश्य के लिए जन्म लेने वाला; पथ – रास्ता (यहाँ आजादी का मार्ग)
संदर्भ:
पूर्ववत्।
प्रसंग:
प्रस्तुत पंक्तियों में रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान के बाद उनकी अंत्येष्टि (अंतिम संस्कार) और उनकी अमर कीर्ति का वर्णन है। कवयित्री यहाँ रानी को एक साधारण स्त्री न मानकर ईश्वर का अवतार और स्वतंत्रता की देवी के रूप में प्रतिष्ठित करती हैं।
भावार्थ:
कवयित्री कहती हैं कि वीर गति प्राप्त करने के बाद रानी लक्ष्मीबाई परलोक सिधार गई। अब उनकी सवारी राजसी पालकी या घोड़ा नहीं, बल्कि अग्नि की वह दिव्य चिता थी, जिस पर वे सवार होकर अनंत की ओर प्रस्थान कर रही थीं। रानी के शरीर का तेज (आत्मा का प्रकाश) अग्नि के तेज में मिल गया; वे इस अलौकिक सम्मान की सच्ची अधिकारी थीं, क्योंकि उनका पूरा जीवन प्रकाशमय और तेजस्वी था।
रानी जब वीरगति को प्राप्त हुई, तब उनकी आयु केवल तेइस वर्ष थी। इतनी छोटी-सी आयु में इतना महान कार्य कोई साधारण मनुष्य नहीं कर सकता, वे अवश्य ही ईश्वर की कोई अवतारी शक्ति थीं। वे गुलामी की जंजीरों में जकड़े हम भारतीयों को जीवित करने और हमारे भीतर चेतना जगाने के लिए स्वतंत्रता की देवी बनकर आईं थीं।
वे अपने बलिदान के माध्यम से हमें आजादी का मार्ग दिखा गई और जो सीख (देशभक्ति और साहस) हमें सिखानी थी, वह सिखा गईं। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं गया, उसने आने वाली पीढ़ियों के लिए क्रांति की मशाल जला दी। बुंदेलखंड के लोक गायकों (हरबोलों) के मुख से हमने यही गाथा सुनी है कि वह महान वीरांगना झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई थीं, जो पुरुषों के समान अदम्य वीरता के साथ अंग्रेजों के विरुद्ध लड़ीं।
काव्य सौंदर्य
(i) काव्यांश में वीर रस और करुण रस का सुंदर समन्वय दिखाई देता है।
(ii) ‘चिता अब उसकी दिव्य सवारी थी’ में रूपक अलंकार द्वारा रानी के बलिदान की महानता व्यक्त हुई है।
(iii) ‘मनुज नहीं अवतारी थी’ में अतिशयोक्ति अलंकार द्वारा रानी के दिव्य व्यक्तित्व का चित्रण किया गया है।
(iv) ‘स्वतंत्रता नारी’ में प्रतीकात्मकता द्वारा रानी को स्वतंत्रता की प्रेरणा – शक्ति के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
(v) भाषा सरल, ओजपूर्ण तथा भावपूर्ण खड़ी बोली हिंदी है।
(vi) संपूर्ण काव्यांश रानी लक्ष्मीबाई के त्याग, तेजस्विता, बलिदान और प्रेरणादायक व्यक्तित्व का प्रभावशाली चित्र प्रस्तुत करता है।
![]()
काव्यांश 18
जाओ रानी याद रखेंगे हम कृतज्ञ भारत वासी,
यह तेरा बलिदान जगावेगा स्वतंत्रता अविनाशी,
होवे चुप इतिहास, लगे सच्चाई को चाहे फाँसी,
हो मदमाती विजय, मिटा दे गोलों से चाहे झाँसी,
तेरा स्मारक तू ही होगी,
तू खुद अमिट निशानी थी।
बुंदेले हरबोलों के मुँह
हमने सुनी कहानी थी।
खूब लड़ी मर्दानी वह तो
झाँसी वाली रानी थी।।
शब्दार्थ
कृतज्ञ – उपकार मानने वाला; अविनाशी – जिसका कभी विनाश न हो (अमर); मदमाती – गर्व या नशे में डूबी हुई; स्मारक – याद में बनाया गया भवन या चिह्न; अमिट – जिसे कभी मिटाया न जा सके।
संदर्भ:
पूर्ववत्।
प्रसंग:
कविता के इस अंतिम अंश में कवयित्री रानी लक्ष्मीबाई को विदाई देते हुए उनके प्रति पूरे राष्ट्र की कृतज्ञता प्रकट करती हैं। यहाँ विश्वास दिलाया गया है कि रानी का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा और वे स्वयं अपनी सबसे बड़ी पहचान बनी रहेंगी।
भावार्थ:
कवयित्री रानी लक्ष्मीबाई को अंतिम विदाई देते हुए कहती हैं, कि हे रानी! आप इस संसार से विदा हो गई, किंतु हम समस्त कृतज्ञ भारतवासी आपके इस महान त्याग और उपकार को सदैव याद रखेंगे। आपका यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा, यह देशवासियों के हृदय में कभी न मिटने वाली (अविनाशी) स्वतंत्रता की लौ जलाता रहेगा।
भले ही आने वाले समय में इतिहास चुप हो जाए (अर्थात् अंग्रेज आपकी वीरता को इतिहास के पन्नों से मिटा दें), भले ही सच्चाई को फाँसी पर चढ़ा दिया जाए या अंग्रेज जीत के नशे में चूर होकर अपनी तोप के गोलों से पूरी झाँसी का नामोनिशान मिटा दें, लेकिन आपकी वीरता को कोई नहीं मिटा सकता।
रानी लक्ष्मीबाई का व्यक्तित्व इतना महान और विशाल है कि उन्हें याद रखने के लिए पत्थर के किसी स्मारक की आवश्यकता नहीं है। वे स्वयं अपनी वीरता की एक अमिट निशानी हैं। उनका चरित्र और साहस ही उनका सबसे बड़ा स्मारक है, जो युगों-युगों तक अमर रहेगा। बुंदेलखंड के लोक गायकों (हरबोलों) के मुख से हमने यही गाथा सुनी है कि वह महान वीरांगना झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई थीं, जो पुरुषों के समान अदम्य वीरता के साथ लड़ीं।
काव्य सौंदर्य
(i) काव्यांश में वीर रस और श्रद्धा भाव का सुंदर समन्वय दिखाई देता है।
(ii) ‘सच्चाई को चाहे फाँसी’ में प्रतीकात्मकता द्वारा सत्य के दमन का प्रभावशाली चित्रण हुआ है।
(iii) ‘तेरा स्मारक तू ही होगी’ में रूपक अलंकार द्वारा रानी के अमर व्यक्तित्व की महत्ता व्यक्त हुई है।
(iv) ‘अमिट निशानी’ में रानी की अमर कीर्ति का सशक्त संकेत मिलता है।
(v) भाषा सरल, ओजपूर्ण तथा भावपूर्ण खड़ी बोली हिंदी है।
(vi) संपूर्ण काव्यांश रानी लक्ष्मीबाई के अमर बलिदान, राष्ट्रप्रेम और प्रेरणादायक व्यक्तित्व का प्रभावशाली चित्र प्रस्तुत करता है।
झाँसी की रानी Summary
झाँसी की रानी पाठ परिचय

‘झाँसी की रानी’ सुभद्रा कुमारी चौहान की एक कालजयी रचना है, जो 1857 के प्रथम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित है। यह कविता वीरांगना लक्ष्मीबाई के बचपन से लेकर उनके वीरगति प्राप्त करने तक के ओजपूर्ण जीवन-वृत्त को चित्रित करती है। कवयित्री ने रानी के साहस, शौर्य और अंग्रेजों की ‘हड़प नीति’ के विरुद्ध उनके प्रखर संघर्ष का सजीव वर्णन किया है। वीरता और देशप्रेम के भावों से ओत-प्रोत यह कविता अपनी कथात्मक शैली और गेयता (गाने योग्य होने) के कारण अत्यंत प्रभावशाली है। यह पाठकों को उस दौर की याद दिलाती है, जब रानी ने अकेले ही अंग्रेजी साम्राज्य को हिला दिया था।
झाँसी की रानी पाठ का उद्देश्य
प्रस्तुत पाठ का मुख्य उद्देश्य पाठकों, विशेषकर युवाओं में देशभक्ति, साहस और आत्म-सम्मान की भावना जागृत करना है। यह कविता भारतीय इतिहास के गौरवशाली पृष्ठों से हमारा परिचय कराती है और बताती है कि स्वतंत्रता अमूल्य है, जिसकी रक्षा के लिए सर्वस्व न्योछावर करना पड़ता है। साथ ही यह नारी शक्ति और दृढ़ इच्छाशक्ति का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करती है।
झाँसी की रानी पाठ का संदेश
- सुभद्रा कुमारी चौहान द्वारा रचित प्रसिद्ध कविता ‘झाँसी की रानी’ प्रमुख रूप से देशप्रेम, अदम्य साहस और वीरता तथा देशहित के लिए अपने प्राणों का बलिदान करने का संदेश देती है।
- साथ ही यह कविता संदेश देती है, कि जब देश पर संकट आए, तब डर या कमजोरी के लिए कोई स्थान नहीं होता। कठिन परिस्थितियों में भी अडिग रहकर संघर्ष करना ही सच्ची वीरता है।